वंदेमातरम गायन का बनाया रिकॉर्ड…एक साथ एक लाख से अधिक बच्चों व शिक्षकों ने गाया राष्ट्रगीत-Video

October 27, 2026 by No Comments

Share News

Kanpur Vande Mataram Record: हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा संस्थान,कानपुर के आह्वान पर मंगलवार को कानपुर महानगर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं विद्यालयों में सामूहिक वंदे मातरम् गान का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सूचना लिखे जाने तक लगभग 1,05,791 छात्र-छात्राओं, आचार्यों एवं शिक्षकों ने पूर्ण उत्साह और तन्मयता के साथ राष्ट्रगीत का सामूहिक गान किया।

विद्यालयों की विशेष प्रार्थना सभाओं में गूंजते वंदे मातरम् के स्वरों ने वातावरण को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक चेतना से ओतप्रोत कर दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय गौरव, सामाजिक समरसता, सेवा भावना तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

यह आयोजन आगामी 26 से 30 नवंबर 2026 तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, बेनाझाबर, कानपुर में आयोजित होने वाले हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले की पूर्व गतिविधियों के अंतर्गत किया गया। इसी क्रम में महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज, मंधना, कानपुर में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान कर मातृभूमि के प्रति अपना प्रेम एवं सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से हिन्दू आध्यात्मिक सेवा मेला के महानगर संयोजक नवेंदु शुक्ल उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य गुणवंत सिंह जी कोठारी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए भारतीय ज्ञान परंपरा और समाज निर्माण में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने सुश्रुत, चरक एवं पतंजलि जैसे महान ऋषियों के योगदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से भारतीय ज्ञान-विज्ञान की परंपरा को समझने, उसका अध्ययन करने तथा वैज्ञानिक तथ्यों के साथ समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

उन्होंने वंदे मातरम् के महत्व और इसके 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक प्रासंगिकता पर भी प्रकाश डाला। साथ ही, उन्होंने आगामी सेवा मेले के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।

विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान प्रधानाचार्यों, आचार्यों, शिक्षकों एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि 26 से 30 नवंबर तक बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, बेनाझाबर में आयोजित होने वाला हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण, पारिवारिक एवं मानवीय मूल्यों तथा सेवा कार्यों को समर्पित एक महत्वपूर्ण आयोजन होगा।

विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों से मेले में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में सहभागिता करने की अपील की गई। महाराणा प्रताप इंजीनियरिंग कॉलेज के कार्यक्रम में प्रमुख रूप से RSS के प्रांत संघ चालक भवानी भीख डायरेक्टर डॉ. शिवानी कपूर, विभागाध्यक्ष मयंक शुक्ला, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर सुनील वर्मा, श्याम दुबे एवं अविनाश बाजपेयी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हिन्दू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने तथा भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्व के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की जानकारी प्रचार प्रसार प्रमुख डॉ राहुल मिश्रा ने दी।

ये भी पढ़ें-रैपिडो बुक करते वक्त रहें सावधान… राइडर निकला जैश का संदिग्‍ध आतंकी, महाराष्‍ट्र ATS ने दबोचा