World Pharmacist Day: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध निकलेगी जागरूकता रैली…लखनऊ में जुटेंगे देश भर के फार्मेसी विशेषज्ञ
World Pharmacist Day: विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के अवसर पर फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) द्वारा सेंट्रल उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ रीजन में 18 नवंबर को भव्य आयोजन होने जा रहा है.
एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (Antimicrobial Resistance – AMR) की बढ़ती वैश्विक चुनौती के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने तथा दवाओं के सुरक्षित एवं विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), नई दिल्ली के सेंट्रल उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ रीजन द्वारा कल विश्व फार्मासिस्ट दिवस एवं राष्ट्रीय फार्मेसी सप्ताह 2026 के अंतर्गत एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर ‘स्वस्थ भारत – Antimicrobial Resistance’ विषय पर एक विशाल जागरूकता रैली एवं सामुदायिक पदयात्रा (Community Walk for Safe & Rational Use of Antimicrobials) का आयोजन किया जाएगा। रैली प्रातः 8:30 बजे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU), लखनऊ के मुख्य द्वार (गेट नंबर-2) से प्रारंभ होगी। जिसमें फार्मेसी के लगभग 800 छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, फार्मासिस्ट एवं फार्मेसी प्रोफेशनल्स सहभागिता करेंगे।
रैली का उद्देश्य आम नागरिकों को एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग से होने वाले दुष्परिणामों, चिकित्सकीय परामर्श के बिना एंटीबायोटिक न लेने, निर्धारित उपचार को सही तरीके से पूरा करने, संक्रमण की रोकथाम तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है।
रैली AKTU मुख्य द्वार (गेट नंबर-2) से प्रारंभ होकर AKTU चौराहा होते हुए भिटौली क्रॉसिंग से भवानी चौराहे की ओर जाएगी। वहां से बाएं मुड़कर भवानी चौराहा पहुंचेगी। भवानी चौराहे पर प्रतिभागियों द्वारा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन तथा जन-जागरूकता संदेश प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके पश्चात रैली डीपीएस स्कूल के सामने से होते हुए AKTU मंदिर, नीता बहादुर चौक पहुंचेगी तथा वहां से बाएं मुड़कर AKTU चौराहे के रास्ते पुनः विश्वविद्यालय परिसर में पहुंचकर संपन्न होगी।
रैली में प्रतिभागी आकर्षक जागरूकता प्लेकार्ड, बैनर एवं नारों के माध्यम से नागरिकों को संदेश देंगे कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय सलाह पर और उचित कारणों से ही किया जाना चाहिए। फार्मासिस्ट की भूमिका केवल दवा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम में एक महत्वपूर्ण जनस्वास्थ्य प्रहरी भी है।
PCI के राष्ट्रीय पदाधिकारियों एवं प्रतिष्ठित शिक्षाविदों की रहेगी सहभागिता
कार्यक्रम AKTU के कुलपति प्रो. (डॉ.) जय प्रकाश पाण्डेय, प्रतिकुलपति प्रो. राजीव कुमार, कुलसचिव अर्चना गहरवार, समन्वयक प्रो. एस.पी. शुक्ला, गोयल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एवं ट्रस्टी इंजीनियर महेश गोयल तथा प्रदेश सरकार के मंत्री श्री दानिश आजाद अंसारी की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न होगा।
इस आयोजन में फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. मोंटू कुमार एम. पटेल , उपाध्यक्ष जशुभाई हिराभाई चौधरी सहित PCI के केंद्रीय परिषद के अनेक सदस्य एवं वरिष्ठ पदाधिकारी सहभागिता करेंगे। इनमें प्रो. (डॉ.) दीपेन्द्र सिंह, प्रो. (डॉ.) आकाश वेद, प्रो. (डॉ.) विभु सहानी, संदीप बडोला, डॉ. श्रीकांत विजय राव जोशी, प्रो. (डॉ.) अंबर व्यास एवं कुमार अजय प्रमुख हैं।
इस आयोजन में लखनऊ एवं आसपास के क्षेत्रों के विभिन्न फार्मेसी महाविद्यालयों के निदेशक, प्राचार्य, शिक्षक, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं एवं फार्मेसी प्रोफेशनल्स बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे।
विशेषज्ञ परिचर्चा एवं शैक्षणिक गतिविधियां भी होंगी आयोजित
रैली के उपरांत विश्वविद्यालय परिसर स्थित पंडित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में अतिथियों के संबोधन एवं फार्मेसी क्षेत्र के योगदान पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत दक्षिण अफ्रीका से डॉ. लीना त्रिपाठी द्वारा एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस एवं इसकी चुनौतियों पर विशेष संदेश प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अतिरिक्त फार्मा क्विज, पोस्टर प्रेजेंटेशन, Scitoons तथा देश के प्रतिष्ठित फार्मेसी एवं चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों की सहभागिता में पैनल डिस्कशन आयोजित किया जाएगा।
पैनल चर्चा में CSIR-CDRI, KGMU, BBAU, Integral University, RMLIMS एवं AIIMS सहित प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की चुनौतियों, संक्रमण नियंत्रण, दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग तथा इस वैश्विक समस्या के समाधान में फार्मासिस्टों की भूमिका पर अपने विचार साझा करेंगे।
यह कार्यक्रम फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI), सेंट्रल उत्तर प्रदेश एवं लखनऊ रीजन के तत्वावधान में गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज, लखनऊ तथा फैकल्टी ऑफ फार्मेसी, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय, लखनऊ द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य फार्मासिस्टों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के विरुद्ध एक साझा अभियान से जोड़ना है। यह संदेश देना है कि एंटीबायोटिक दवाओं का जिम्मेदार उपयोग, संक्रमण की रोकथाम और जन-जागरूकता ही भविष्य की पीढ़ियों को दवा-प्रतिरोधी संक्रमणों से सुरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
ये भी पढ़ें-बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की भव्य सगाई…60 तरह के पकवान, 4 आलीशान मंच और 700 पुलिसकर्मी- Video