Shakuntala University: साहस और सामाजिक चेतना से भरा रहा है बिरसा मुंडा का जीवन
Shakuntala University: बिरसा मुंडा का जीवन साहस, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना की प्रेरणा देता है। उनका संघर्ष बताता है कि समाज के वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए आवाज उठाना जरूरी है। यह बात रविवार को डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय में कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कही।
वह जनजातीय गौरव दिवस पर समाजशास्त्र विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने और वंचित समुदायों के उत्थान के लिए काम करने की अपील की।
मुख्य वक्ता डॉ. विजय कुमार वर्मा ने बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर प्रकाश डाला। उन्होंने उलगुलान आंदोलन, अंग्रेजों के शोषण के विरोध और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए किए गए संघर्ष की जानकारी दी। युवाओं से सामाजिक संवेदनशीलता और नैतिक साहस अपनाने का आह्वान किया।
विभागाध्यक्ष प्रो. शैलजा सिंह ने जनजातीय समाज की पहचान और चुनौतियों पर बात रखी। विशिष्ट अतिथि प्रो. राजीव नयन ने जनजातीय कला और लोकपरंपराओं की जानकारी दी। प्रो. विजय शंकर शर्मा ने शिक्षा और आर्थिक विकास पर विचार रखे। डॉ. आध्या शक्ति राय ने जनजातीय शोध में क्षेत्रीय अध्ययन की जरूरत बताई। डॉ. आशीष कुमार ने पारंपरिक ज्ञान और पर्यावरण संरक्षण में जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में बिरसा मुंडा पर वृत्तचित्र दिखाया गया। डॉ. शिवानी कटारा ने सामाजिक समानता और जिम्मेदारी पर बात रखी। संचालन डॉ. सौम्या शंकर ने किया। डॉ. समृद्धि सिंह ने धन्यवाद दिया।
ये भी पढ़ें-बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की भव्य सगाई…60 तरह के पकवान, 4 आलीशान मंच और 700 पुलिसकर्मी- Video