Lucknow University:मात्र 20 साल की उम्र में कैंसर से मौत के मुंह में जाने वाली छात्रा की स्मृति में पिता और छात्रों ने लाइब्रेरी को दान की पुस्तके और किया पौधरोपण
लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय (lucknow university) के नवीन परिसर स्थित विधि संकाय में 5 वर्षीय LLB पाठ्यक्रम के सभी छात्र छात्राओं ने संकाय के विभागाध्यक्ष एवं संकाय अध्यक्ष प्रोफेसर सीपी सिंह के सानिध्य में अपनी सहपाठी आस्था त्रिपाठी की स्मृति में संकाय परिसर में पौधारोपण किया जिसमें 5 अशोक के वृक्ष संकाय स्थित न्याय की देवी की मूर्ति के समीप रोपित किए गए हैं।

आस्था त्रिपाठी
इस मौके पर सभी की आंखे नम दिखाई दीं। यहां उपस्थित छात्रा आस्था के पिता आशुतोष त्रिपाठी ने छात्र हित में रीडिंग लाइब्रेरी के लिए बुक्शेल्फ डोनेट की है एवं छात्रों ने भी लगभग 60 पुस्तकें भेंट की। संकाय के छात्र रीडिंग लाइब्रेरी में जाकर इन पुस्तकों को पढ़ सकते हैं एवं इन से लाभान्वित हो सकते हैं। इस सम्बंध में प्रो. सीपी सिंह ने बताया कि आभा केवल दो सेमेस्टर ही पढ़ सकी थी।
वह इतनी एक्टिव थी कि उसे कैंसर का पता ही नहीं चला और जब मालूम हुआ तो बहुत देर हो चुकी थी। आस्था को चौथे स्टेज पर कैंसर का पता चला और जब मालूम हुआ कि कैंसर है तो डाक्टरों ने केवल दो ही महीने जीवित रहने की बात कही थी। प्रो. सिंह ने कहा कि इस तरह से अचानक एक होनहार विद्यार्थी का निधन हो जाना, कष्टकारी है। हम सभी आज भी उसे याद करते हैं। बता दें कि आस्था का जन्म 5 अगस्त 1998 में हुआ था और निधन 23 मई 2018 में। उसका एडमिशन 2017-2022 बैच के लिए हुआ था। हाल ही में आस्था के साथ ही विद्यार्थियों का पाठ्यक्रम पूरा हुआ था और वह विश्वविद्यालय छोड़कर जा रहे थे। इसी मौके पर आस्था की स्मृति में आस्था के पिता से साथ ही छात्रों ने अपनी सारी पुस्तकें लाइब्रेरी को दे दी।