UP News: यूपी के इस जिले में अवैध रूप से बने मदरसे पर चला बुलडोजर, इमारत की गई ध्वस्त, संचालक पर लगाया गया 2.24 लाख का जुर्माना, देखें वीडियो
अमेठी। उत्तर प्रदेश के अमेठी में अवैध रुप से बने एक मदरसे को जिला प्रशासन ने बुलडोजर की मदद से ध्वस्त करा दिया है। यह चारागाह की जमीन पर बना था। गौरीगंज क्षेत्र में टांडा-बांदा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे गुर्जर टोला गांव में मदरसे को पुलिस की एक बड़ी टुकड़ी की मौजूदगी में ध्वस्त कर दिया गया।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक यह मदरसा 2009 से संचालित हो रहा था। इसको लेकर एक स्थानीय अदालत में मामला चल रहा है, लेकिन पिछले दो साल से भवन में कोई शैक्षणिक कार्य नहीं हो रहा था। अमेठी के जिला मजिस्ट्रेट राकेश कुमार मिश्रा ने मीडिया को जानकारी दी कि अदालत के आदेश के बाद, मदरसे को ध्वस्त कर दिया गया है। यह एक चारगाह की जमीन पर अवैध रूप से बनाया गया था। अमेठी प्रशासन ने मदरसे के मालिक पर 2.24 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश सरकार ने गैर मान्यता प्राप्त मदरसों में शिक्षकों की संख्या, पाठ्यक्रम के साथ ही वहां उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं और किसी भी गैर सरकारी संगठनों से उनकी संबद्धता के बारे में जानकारी एकत्र करने के लिए एक सर्वे करा रही है। इस सम्बंध में योगी सरकार ने हाल ही में प्रदेश भर के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को आदेश दिए थे। मालूम हो कि सरकार इन मदरसों के वित्तीय स्रोतों की भी जांच कर रही है। बता दें कि यह अभियान गैर मान्यता प्राप्त मदरसों पर चलाए जा रहे हैं। 5 अक्टूबर तक गैर मान्यता प्राप्त मदरसों का सर्वेक्षण पूरा किया जाना है। इसके लिए सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (SDM), जिला बेसिक शिक्षाधिकारी (BSA), जिला अल्पसंख्यक अधिकारी को शामिल किया गया है।
यहां देखें वीडियो