UP Basic Shiksha: बेसिक शिक्षकों का जनपद व ब्लॉक के अंदर ट्रांसफर होगा, लेकिन कब???, देखें क्या बोले डीजी विजय किरन आनन्द, #upbasicblockmutualtransfer हो रहा ट्रेंड, देखें वीडियो

September 27, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। ब्लाक व जनपद के भीतर ट्रांसफर को लेकर उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षकों ने मंगलवार को भी ट्विटर पर अभियान चलाया। इस दौरान #upbasicblockmutualtransfer ट्विटर पर ट्रेंड करता रहा। शिक्षकों ने म्युच्युअल ट्रांसफर की मांग को लेकर दिव्यांगों व महिलाओं के साथ हो रही समस्याओं के बारे में भी बताया है। साथ ही विभाग और सरकार को उन नियमों की भी याद दिलाई है, जिनके आधार पर ट्रांसफर किए जाते थे।

शिक्षकों ने बताया कि हर पांच साल में होने वाले ट्रांसफर को इस बार 13 साल हो गए हैं, लेकिन ब्लॉक व जनपद के अंदर ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, जिसका खामियाजा महिला शिक्षक व दिव्यांग शिक्षकों को उठाना पड़ रहा है। हालांकि शिक्षकों ने ये भी आरोप लगाया है कि प्रदेश में नियमों को दरकिनार कर कार्य किया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि नियम के अनुसार जो शिक्षकों कि नई भर्ती होती है उनको पांच साल के लिए पिछड़े ब्लॉकों में तैनाती दी जाती है और पुराने शिक्षक, जिनका कार्यकाल पांच साल के लिए पूरा हो चुका होता है, उनको अगड़े ब्लाकों में भेज दिया जाता है, लेकिन प्रदेश में अंधेरगर्दी छाई है। जो पुराने शिक्षक 10 साल से पिछड़े ब्लाकों में तैनात है, उनको अगड़े ब्लाक दिए ही नहीं गए और जो नई भर्ती हुई, उनको अगड़े ब्लाक पहले ही दे दिए गए। इस तरह से सरकार प्रदेश के शिक्षकों को छलने का काम कर रही है।

महिला शिक्षकों का आरोप है कि उनको ऐसी-ऐसी जगह तैनात कर दिया गया है कि उनको नदी-नाले तक पार करके स्कूल पहुंचना होता है। इसी के साथ जब भी उनको महिला सम्बंधी समस्या होती है, तो भी उनको तमाम समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसी के साथ उन महिलाओं को सबसे ज्यादा समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जो बच्चों को साथ लेकर स्कूल जाती हैं। ऐसे में तमाम शिक्षिकाएं मानसिक रूप से तनाव में चल रही हैं। क्योंकि उनको बच्चों को साथ लेकर जाना होता है। हालांकि इस मामले में कई बार बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने दावा किया कि जल्द ही ट्रांसफर होंगे, तो वहीं पूर्व बेसिक शिक्षा मंत्री सतीश द्विवेदी ने भी कई बार शिक्षकों से वादा किया था, लेकिन साल भर बाद भी इस मामले में कुछ नहीं हुआ।

देखें क्या कहा डीजी ने
हालांकि इस बारे में डीजी विजय किरन आनन्द से सोमवार को बात की गई तो उन्होंने बताया कि जो रुकावट ब्लाक व जनपद के अंदर ट्रांसफर को लेकर आ रही थी, उस पर कार्य कर लिया गया है। जल्द ही ट्रांसफर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इस पर जब उनसे पूछा गया कि कब तक और किस महीने से, इस पर वह जवाब नहीं दे सके। इस तरह जो शिक्षक ब्लाक व जनपद ट्रांसफर को लेकर इंतजार कर रहे हैं, उनको और कितना वेट करना पड़ेगा, इस सम्बंध में अभी कुछ और कहा नहीं जा सकता है।

यहां देखें वीडियो, किन रास्तों से होकर जाना पड़ता है महिला टीचर्स को