Afghanistan: नहीं रुक रहा महिलाओं पर सितम ढाने का सिलसिला, स्कूल और पार्क पर पाबंदी लगाने के बाद तालिबान में औरतों के लिए बंद किए जिम, देखें वीडियो

November 10, 2022 by No Comments

Share News

अफगानिस्तान में महिलाओं पर किए जा रहे सितम का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। स्कूल और पार्क बंद किए जाने के बाद अब जिम के दरवाजे भी महिलाओं के लिए बंद कर दिए गए हैं। तालिबान ने नया फरमान जारी करते हुए इसे तुरंत लागू कर दिया है। इस तरह के यहां की महिलाएं अब किसी तरह का मनोरंजन नहीं कर सकेंगी। उनको बंधुआ मजदूर बनाकर रख दिया गया है।

मीडिया सूत्रों के मुताबिक तालिबान के फरमान के बाद यहां की महिलाएं अब मनोरंजन पार्कों में नहीं जा सकेंगी। तालिबान ने महिलाओं के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। तालिबान सरकार की “नैतिक पुलिस” ने बुधवार को आदेश दिया कि अफगानिस्तान में महिलाओं को देश के मनोरंजन पार्कों में प्रवेश से वंचित कर दिया जाएगा। लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई अशरफ गनी सरकार को सत्ता से हटाने के बाद तालिबान पहले ही अफगान महिलाओं पर कई तरह के प्रतिबंध लगा चुका है। तालिबान के इस नए आदेश से महिलाओं की स्वतंत्रता को और प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।

अफगानिस्तान के ‘पुण्य का प्रचार और बुराई की रोकथाम’ मंत्रालय (एमपीवीपीवी) के एक प्रवक्ता ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि महिलाओं को मनोरंजन पार्क में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। दो पार्क संचालकों के हवाले से समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने कहा कि तालिबान ने उन्हें महिलाओं को अपने पार्कों में प्रवेश नहीं करने का निर्देश दिया है।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन नए प्रतिबंधों को कैसे लागू किया जाएगा, क्योंकि कुछ दिनों पहले इसी मंत्रालय ने एक नियम में कहा था कि पार्कों को महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग विभाजित किया जाना चाहिए। साथ ही नियम में कहा गया था कि महिलाओं के लिए पार्कों में जाने के लिए अलग-अलग दिन तय होने चाहिए। फिलहाल अभी तक इस पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

यहां देखें वीडियो