Mukhtar Abbas Naqvi:प्रधानमंत्री की तारीफ के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय मंत्रिमंडल से दिया इस्तीफा
नई दिल्ली। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने केंद्रीय मंत्री पद से बुधवार को इस्तीफा दे दिया है। अब उनकी नई भूमिका का चर्चा जोरों पर हो रही है। हालांकि उनके साथ ही जेडीयू कोटे से मंत्री रहे आरसीपी सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैबिनेट की बैठक में आज ही मुख्तार अब्बास नकवी (Mukhtar Abbas Naqvi) और आरसीपी सिंह के कार्यों की जमकर तारीफ की थी। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने देश के विकास में योगदान दिया है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक इस्तीफा देने वाले दोनों नेताओं का कल अर्थात गुरुवार को राज्यसभा सांसद के तौर पर अंतिम दिन है। कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्तार अब्बास नकवी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP,भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) से मुलाकात की थी। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं में क्या और किस मुद्दे पर बात हुई इस बारे में आधिकारिक तौर पर जानकारी सामने नहीं आ सकी है। हालांकि सूत्रों के हवाले के जानकारी आ रही है कि नकवी की भावी भूमिका को लेकर चर्चा जोरों पर है। नकवी को बीजेपी ने पिछले दिनों हुए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव में कहीं से उम्मीदवार नहीं बनाया था। तभी से ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी उन्हें कोई नयी भूमिका सौंप सकती है। फिलहाल देखना ये है कि भाजपा उनको अब क्या नई जिम्मेदारी देती है। (फोटो इंटरनेट मीडिया से ली गई है)