AKTU News: आठ छात्रों का इस कंपनी में हुआ कैंपस प्लेसमेंट; जोनल फेस्ट के लिए पर्यवेक्षकों की हुई नियुक्ति
AKTU News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के छात्रों का लगातार कैंपस प्लेसमेंट जारी है. इसी क्रम में 8 छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट सॉफ्टवेयर कंपनी नगैरो में सॉफ्टवेयर डेवलपर के पद पर हुआ है। विश्वविद्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, चयनित छात्रों को कंपनी की ओर से सालाना 4 लाख 50 हजार रूपये का पैकेज मिलेगा।
बता दें कि ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग की ओर से बीटेक कम्प्यूटर साइंस के छात्रों के लिए कैंपस ड्राइव का आयोजन किया गया था जिसमें छात्रों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया था। कंपनी की ओर से छात्रों का ग्रुप डिस्कशन एवं पर्सनल इंटरव्यू लिया गया। इसके बाद होनहार छात्रों का चयन हुआ. चयनित छात्रों को कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय ने बधाई दी। तो वहीं डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो0 नीलम श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्लेसमेंट आयोजित किये जा रहे हैं।
पर्यवेक्षक नियुक्त
डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के संबद्ध संस्थानों में डॉ0 अब्दुल कलाम स्पोर्ट्स जोनल फेस्ट के लिए सोमवार को पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर दी गयी है। कुलपति प्रो0 जेपी पाण्डेय के निर्देशन में आठ जोन के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त हुए है। फेस्ट का आयोजन 16 से 18 अक्टूबर तक प्रदेश के आठ जोन आगरा, बरेली, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, गोरखपुर, लखनऊ, मेरठ और प्रयागराज में होगा। फेस्ट में विभिन्न खेल होंगे। विश्वविद्यालय की ओर से प्रत्येक साल आयोजित होने वाले इन खेलों में काफी संख्या में छात्र प्रतिभाग करते हैं। इन खेलों से न केवल छात्रों का व्यक्तित्व विकास होता है बल्कि उन्हें अपनी प्रतिभा भी साबित करने का मौका मिलता है।