AKTU:डिग्री में करेक्शन कराने पहुंचे छात्रों से कुलपति ने पूछी समस्या, कर्मचारियों को तत्काल विद्यार्थियों की समस्याओं को दूर करने के दिए निर्देश
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों को समय से कार्यालय में आने का निर्देश दिया। इसी के साथ ही स्टूडेंट सेल में छात्रों से मिले। साथ ही साफ-सफाई का निर्देश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार मिश्र स्टूडेंट सेल पहुंचे और कार्यालय के बाहर खड़े छात्रों से उनकी समस्या सुनी। पूछने पर मालूम हुआ कि कुछ छात्र डिग्री के लिए आये थे तो कुछ को डिग्री में करेक्शन कराना था। कुलपति ने तत्काल संबंधित कर्मचारी को बुलाकर छात्रों का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि छात्रों की समस्याओं का तत्काल हल होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई का विशेष निर्देश दिया। उन्होंने निरीक्षण के क्रम में वित्त विभाग, परीक्षा विभाग सहित सभी कार्यालयों में गये। इस दौरान कर्मचारियों से उनकी जिम्मेदारी के बारे में जानकारी ली। साथ ही दिये गये काम को समय से करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उप कुलसचिव डॉ. आरके सिंह, स्टाफ ऑफिसर अमित मलिक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।