AKTU: एकेटीयू के विषम सेमेस्टर के द्वितीय चरण की परीक्षा 18 मार्च से, शामिल होंगे दो लाख 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी, तैयारी पूरी
UP News: डॉ0 एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (AKTU) के सत्र 2022-23 की विषम सेमेस्टर के द्वितीय चरण की स्नातक एवं परास्नातक परीक्षा 18 मार्च से शुरू हो रही है। जो 6 अप्रैल तक चलेगी। परीक्षा में दो लाख 40 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल होंगे। इसके लिए पूरे प्रदेश में 128 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। यह परीक्षा प्रदेश के 43 जिलों में आयोजित होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा की तैयारी पूरी कर ली गई है। शुचितापूर्ण परीक्षा के लिए हर केंद्र पर विश्वविद्यालय की ओर से आब्जर्वर भी तैनात किये गये हैं।
सीसीटीवी से निगरानी
कुलपति प्रो0 आलोक कुमार राय के निर्देशन में परीक्षा की शुचिता को बनाये रखने के लिए हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं। परीक्षा के दौरान केंद्रों पर विश्वविद्यालय से नजर रखा जाएगा। जिससे कि परीक्षा के दौरान नकल न होने पाये। परीक्षा की सुचिता को बनाये रखने के लिए हर केंद्र पर आब्जर्वर की तैनाती की गयी है। परीक्षा के दौरान आब्जर्वर केंद्र पर रहेंगे।