Atishi New CM: दिल्ली को मिली तीसरी महिला मुख्यमंत्री, आप नेता आतिशी ने ली शपथ, जानें नई CM की लव स्टोरी से लेकर राजनीतिक करियर तक सब कुछ -Video
Atishi New CM: आम आदमी पार्टी (AAP) की नेता आतिशी ने शनिवार शाम को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है. इस तरह से वह कांग्रेस नेता शीला दीक्षित और भाजपा नेता सुषमा स्वाराज के बाद दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बन गई हैं. उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने आतिशी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई है.
गौरतलब है कि आतिशी को पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल का विश्वासपात्र कहा जाता है. मालूम हो कि शराब नीति मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सीएम पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी और शुक्रवार की रात को उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया था. इसी के बाद से आप पार्टी की ओर से आतिशी को विधायक दल का नेता और सीएम पद पर नियुक्त करने के लिए चुना गया था.
बता दें कि साल 2023 में दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के शराब नीति मामले में जेल जाने के बाद आतिशी को शिक्षा मंत्री का पद संभालने की जिम्मेदारी दी गई थी. इसी के साथ ही वह दिल्ली कैबिनेट में मंत्री के रूप में वित्त, राजस्व, पीडब्ल्यूडी, बिजली, सेवा, महिला और बाल विकास विभाग भी संभाल चुकी हैं.
जानें क्या है आतिशी का पूरा नाम?
बता दें कि आतिशी का पूरा नाम आतिशी मार्लेना है. हालांकि आतिशी ने साल 2019 के लोकसभा चुनावों से पहले ‘मार्लेना’ अपने नाम से हटा दिया था. कहा जाता है कि उनके माता-पिता मार्क्स से प्रभावित थे. इस कारण उनका मध्य नाम ‘मार्लेना’ रखा गया था. यह मार्क्स एवं लेनिन का संयोजन है. आतिशी का जन्म 8 जून 1981 को हुआ था. उनका जन्म दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर विजय सिंह एवं त्रिप्ता वाही के घर में हुआ था. उनका पालन-पोषण दिल्ली में ही हुआ. द स्प्रिंगडेल्स स्कूल से उन्होंने स्कूली शिक्षा पूरी की तो वहीं दिल्ली विश्वविद्यालय के सेंट स्टीफंस कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल करने के बाद इतिहास में ऑक्सफोर्ड से मास्टर डिग्री हासिल की. मास्टर्स के कुछ ही सालों में उन्होंने शैक्षिक अनुसंधान में रोड्स स्कॉलर के रूप में ऑक्सफोर्ड से ही दूसरी मास्टर की डिग्री प्राप्त की.
Video: कुछ यूं फटी धरती कि पलक झपकते समा गया पूरा ट्रक…कांग्रेस ने ली चुटकी; चौंका देने वाला सीसीटीवी फुटेज वायरल–ये खबर भी पढ़ें
आप में शामिल होने से पहले किया ये काम
मालूम हो कि आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल होने से पहले आतिशी ने मध्य प्रदेश के छोटे से गांव में 7 साल तक काम किया. इसके बाद वह आंध्र प्रदेश के ऋषि वैली स्कूल में इतिहास और अंग्रेजी की शिक्षिका भी रहीं. तो वहीं आम आदमी पार्टी की स्थापना के वक्त ही वह भी पार्टी में शामिल हो गई थीं. हालांकि तब वह कोर टीम का हिस्सा नहीं थीं. साल 2013 के विधानसभा चुनाव के समय पर वह AAP के घोषणापत्र मसौदा समिति की प्रमुख सदस्य रहीं.
पार्टी की नीतियों को दिया आकार
पार्टी की ओर से आतिशी की भूमिका के बारे में बताया गया कि आप के गठन के शुरुआती समय में उसकी नीतियों को आकार देने में आतिशी की अहम भूमिका रही. आतिशी आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता भी रहीं. वर्तमान में वह दिल्ली के कालकाजी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रही हैं. पार्टी ने बताया कि आतिशी AAP के राजनीतिक मामलों की समिति की सदस्य भी हैं.
इतनी है सम्पत्ति
2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान आतिशी ने अपनी संपत्ति का हलफनामा पेश किया था. इसके मुताबिक उनके पास 1 करोड़ 41 लाख रुपये की चल और अचल संपत्ति है. तो वहीं इसके मुताबिक, आतिशी के पास अपनी कोई कार और आभूषण जैसी कोई संपत्ति नहीं है.
दिल्ली की शिक्षा को सुधारने में निभाई अहम भूमिका
अप्रैल 2018 में दिल्ली के तत्कालीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया के सलाहकार के रूप में भी आतिशी काम कर चुकी हैं. पार्टी के मुताबिक दिल्ली में सरकारी स्कूलों में शिक्षा के हालात को सुधारने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई. वह लगातार पार्टी के हित में काम करती रहीं इसी बीच 2020 विधानसभा चुनाव उनके लिए टर्निंग पॉइंट साबित हुआ क्योंकि तब पार्टी ने उनको कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया था. उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार धर्मबीर सिंह को 11 हजार 422 वोटों से जीत हासिल की. हालांकि इससे पहले साल 2019 के लोकसभा चुनाव में आतिशी ने पूर्वी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा लेकिन पूर्व भाजपा नेता गौतम गंभीर से पराजित हो गईं थीं. इसके बाद उनको साल 2020 के चुनावों के बाद उनको आप की गोवा इकाई का प्रभारी का दायित्व सौंपा गया था. तो वहीं जब तत्कालीन शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया जेल गए और उन्होंने इस्तीफा दिया तो 9 मार्च 2023 को AAP कैबिनेट में बदलाव किया गया और केजरीवाल सरकार में वह मंत्री बनीं तो वहीं अब मुख्यमंत्री बनकर उन्होंने नया इतिहास रच दिया है.
प्यार होते ही बसा लिया घर
आतिशी की पंजाबी राजपूत परिवार के प्रवीण सिंह से साल 2006 में शादी हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के दावों के अनुसार, आतिशी और प्रवीण सिंह की मुलाकात दिल्ली में हुई थी. प्रवीण को भी आतिशी की तरह ही सामाजिक कार्यों में रुचि है लेकिन वह सार्वजनिक रूप से बहुत ही कम लोगों के सामने आते हैं. कहा जाता है कि दोनों ने साथ में सामाजिक कार्य किए हैं. आतिशी ने प्रवीण के साथ मिलकर महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लिए मध्य प्रदेश में साल 2007 में आतिशी से संपर्क स्थापित किया. इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और फिर दोनों ने शादी कर ली. प्रवीण इतना ज्यादा लो प्रोफाइल रहते हैं कि उनकी एक भी तस्वीर सोशल मीडिया पर मिलना बहुत ही मुश्किल है. प्रवीण आईआईटी दिल्ली के साथ आईआईएम अहमदाबाद से डिग्री हासिल कर करीब आठ सालों तक कॉरपोरेट सेक्टर में भारत और अमेरिका में कंसल्टेंसी फर्मों में काम किया है. वह संभावना इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी एंड पॉलिटिक्स में शोधकर्ता और शिक्षक के कार्य से जुड़े हैं.