Bahraich Violence: योगी के सामने फूट-फूट कर रोए माता-पिता…पत्नी की पथरा गई आंखें…बहराइच हिंसा के पीड़ित परिवार को CM ने दी इतनी आर्थिक मदद, कही ये बात-Video
Bahraich Violence: मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित सीएम आवास पर बहराइच हिंसा में मारे गए युवक रामगोपाल मिश्रा (24) के परिजन पहुंचे और सीएम से मुलाकात की. इस दौरान पीड़ित परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी के सामने अपनी बात रखते हुए न्याय की मांग की. इस मौके पर पीड़ित परिवार के साथ महसी के भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह भी मौजूद रहे. तो वहीं यूपी सीएम ने पीड़ित परिवार को हर सम्भव मदद का भरोसा दिया.
जनपद बहराइच की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में काल-कवलित हुए युवक के शोक संतप्त परिजनों से आज लखनऊ में भेंट की।
दुःख की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।
आश्वस्त रहें, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना @UPGovt की शीर्ष… pic.twitter.com/gXMvLfcP0D
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) October 15, 2024
गौरतलब है कि रविवार को बहराइच के महाराजगंज कस्बे में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद में गोली मारकर रामगोपाल मिश्रा (24) की हत्या कर दी गई थी. इसके बाद हिंसा इस तरह भड़की कि भारी मात्रा में पुलिस फोर्स तैनात करनी पड़ी. मृतक युवक के परिजन पहले ही दोषियों का उनके सामने एनकाउंटर किया जाने और उनके घरों पर बुलडोजर चलाए जाने की मांग कर चुके हैं. तो वहीं सीएम योगी से पीड़ित परिवार के मिलने का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें माता-पिता आंखों से आंसू पोछते नजर आ रहे हैं तो वहीं पत्नी गुमसुम अवस्था में बैठी नजर आ रही है और सीएम योगी उनसे बात कर रहे हैं.
नहीं बख्शे जाएंगे दोषी
पीड़ित परिजनों से मुलाकात के बाद सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, “जनपद बहराइच की दुर्भाग्यपूर्ण घटना में काल-कवलित हुए युवक के शोक संतप्त परिजनों से आज लखनऊ में भेंट की। दुःख की इस घड़ी में उत्तर प्रदेश सरकार पूरी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। आश्वस्त रहें, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना यूपी सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। इस घोर निंदनीय और अक्षम्य घटना के दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।” इसी के साथ ही मुख्यमंत्री योगी ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपए आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया.
की जाएगी कड़ी कार्रवाई
तो वहीं इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए विधायक सुरेश्वर सिंह ने कहा, “सीएम ने पीड़ित परिवार से कहा कि जिन लोगों ने गलत किया है, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्हें आर्थिक सहायता भी प्रदान की जाएगी।”
#WATCH उत्तर प्रदेश: बहराइच घटना के मृतकों के परिवार के सदस्यों ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। pic.twitter.com/8JCVAY1CLs
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 15, 2024
हत्या के बाद जमकर हुआ विरोध
बता दें कि महसी के महराजगंज में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों में हुए विवाद के बाद उपद्रव इतना बढ़ा कि हत्या के बाद आगजनी की घटना रविवार पूरी रात जारी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात में तोड़फोड़ की गई। जिले के तमाम इलाकों में रेहुवा मंसूर निवासी रामगोपाल मिश्रा की हत्या के विरोध में जमकर प्रदर्शन किया गया लोगों ने लाठी-डंडों के साथ मार्च किया. तो वहीं उग्र भीड़ ने अस्पताल चौराहे के पास स्थित नाई, टायर व एक किराना की दुकानों में भी आग लगा दी. आग बुझाने पहुंचे दमकल वाहन पर भी पथराव किया गया. हालांकि इसकी सूचना मिलने के तुरंत बाद ही एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर लाठी चार्ज कर लोगों को भगाया. तो वहीं लोग इस घटना से इतने उग्र हो गए थे कि स्थानीय पुलिस के साथ ही आस-पास के इलाकों से भी पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी और एसटीएफ प्रमुख अमिताभ यश को मोर्चा सम्भालना पड़ा. अब तक इस मामले में 30 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा चुका है। पुलिस इस हिंसा को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
इंटरनेट सेवा पर लगाई गई रोक
बता दें कि इस मामले में देर रात इस मामले में हरदी थानाध्यक्ष सुरेश कुमार वर्मा व महसी चौकी प्रभारी शिवकुमार सरोज को निलंबित कर दिया गया था। तो वहीं सोमवार को घायल एक अन्य दिव्यांग युवक सत्यवान के मौत की अफवाह से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। फिलहाल मामले को देखते हुए घटनास्थल पर इंटरनेट सेवा पर रोक लगा दी गई है। इसके अलावा, सभी जगह पर विसर्जन यात्रा पर रोक लगा दी गई है ताकि स्थिति को बिगड़ने से रोका जा सके। वहीं पुलिस ने कहा कि इस मामले में संलिप्त सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।