Dantewada Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बड़ा नक्सली हमला, 50 किलो विस्फोटक से उड़ाया गाड़ी को, 11 जवान शहीद, सड़क हुई तहस-नहस, देखें वीडियो
Dantewada Naxal Attack: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में बुधवार को बड़ा नक्सली हमला हुआ है, जिस में 10 पुलिसकर्मी शहीद हो गए। ये जवान डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) यूनिट के थे। इनके अलावा इनकी गाड़ी के ड्राइवर की भी हमले में मौत हो गई है. इनकी टीम बारिश में फंसे सुरक्षा बलों को रेस्क्यू करने जा रही थी। इसी दौरान नक्सलियों ने IED ब्लास्ट कर पुलिसकर्मियों का वाहन उड़ा दिया। न्यूज एजेंसी के मुताबिक 50 किलो विस्फोटक से ब्लास्ट किया गया। ब्लास्ट इतना भीषण था कि आस-पास का इलाका हिल गया और सड़क एक बड़े गढ्ढे में तब्दील हो गई.
मीडिया सूत्रों के मुताबिक हमला दंतेवाड़ा जिले के अरनपुर थाना क्षेत्र में अरनपुर-समेली के बीच हुआ है. यहां पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इसी दौरान नक्सलियों ने वाहन पर बम भी फेंक दिया. आईजी सुंदरराज पी ने मीडिया को बताया कि मौके पर सीनियर ऑफिसर्स भेजे गए हैं। इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।
ये जवान हुए शहीद
नक्सली हमले में शहीद होने वालों में प्रधान आरक्षक जोगा सोढ़ी, मुन्ना राम कड़ती, संतोष तामो, नव आरक्षक दुल्गो मण्डावी, लखमू मरकाम, नव आरक्षक जोगा कवासी, नव आरक्षक हरिराम मण्डावी, गोपनीय सैनिक राजू राम करटम, जयराम पोड़ियाम जगदीश कवासी और गाड़ी के ड्राइवर धनीराम यादव शामिल हैं।
नक्सलियों का हमले के लिए चल रहा है कैंपेन
मीडिया सूत्रों के मुताबिक बस्तर में नक्सलियों का TCOC (टैक्टिकल काउंटर अफेंसिव कैंपेन) चल रहा है। बताया जा रहा है कि नक्सली इस दौरान अक्सर कई बड़ी घटनाओं को अंजाम देते हैं। TCOC को देखते हुए फोर्स भी अलर्ट मोड पर रखी गई है. बस्तर के सभी जिलों में जवानों को सर्चिंग के लिए भेजा जा रहा है।
5 दिन पहले नक्सली कैंप को किया गया था ध्वस्त
मीडिया सूत्रों की माने तो पांच दिन पहले सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों का कैंप ध्वस्त कर दिया था। भारी मात्रा में विस्फोटक समेत नक्सलियों के दैनिक उपयोग का सामान बरामद किया गया था। जानकारी सामने आई थी कि इस कैंप में करीब 25 से 30 की संख्या में नक्सली मौजूद थे। जवानों के आने की खबर मिलते ही सभी नक्सली भाग गए थे। इसी के बाद ये बड़ा हमला किया है.
दो ट्रेनें रद्द
बस्तर में किरंदुल-विशाखापट्टनम पैसेंजर और नाइट एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। ये दोनों यात्री ट्रेनें आज दंतेवाड़ा से आगे किरंदुल नहीं जाएगी। हालांकि किरंदुल से लौह अयस्क लेकर विशाखापट्टनम तक मालगाड़ियों की आवाजाही बरकरार रहेगी। ईको (ईस्ट कोस्ट) रेलवे मंडल ने यात्री ट्रेनों को लेकर आदेश जारी किया है।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख, बघेल ने कहा- नक्सलियों को बख्शेंगे नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि, दंतेवाड़ा में छत्तीसगढ़ पुलिस पर हुए हमले की कड़ी निंदा करता हूं। हम हमले में शहीद हुए बहादुर जवानों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उनके बलिदान को हमेशा याद रखा जाएगा। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हमले पर दुख जताया है। कहा- शहीदों के परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। नक्सलियों को बख्शा नहीं जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को हर संभव सहायता देने की बात कही है। (फोटो-सोशल मीडिया)