बिहार में मचा हड़कंप..इस जिले में मिले 7400 HIV मरीज संक्रमित; 400 बच्चे भी शामिल!
Bihar: बिहार से चौंका देने वाली खबर सामने आ रही है. सोशल मीडिया पर वायरल खबर के मुताबिक, यहां के सीतामढ़ी जिले HIV पॉजिटिव मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती दिख रही है और स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चिंता का विषय बन गया है.
सोशल मीडिया पर सीतामढ़ी जिला अस्पताल के ART सेंटर की रिपोर्ट वायरल हो रही है. इस के अनुसार जिले में करीब 7400 HIV पॉजिटिव मरीज दर्ज किए जा चुके हैं. इसमें हैरान करने वाली बात यह है कि इन मरीजों में 400 से अधिक छोटे बच्चे भी शामिल हैं जिनको यह संक्रमण माता–पिता से मिला है.
इस सम्बंध में विशेषज्ञों की राय सामने आई है. उन्होंने कहा है कि अगर समय रहते व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम नहीं चलाया गया तो स्थिति और भी खतरनाक हो सकती है. सीतामढ़ी में HIV के बढ़ते मामले न केवल जिले के लिए बल्कि पूरे बिहार के लिए एक बड़ा स्वास्थ्य अलार्म हैं. खबर सामने आने के बाद प्रशासन ने ART सेंटर के जरिए इलाके में जागरूकता कार्यक्रमों में और तेजी लाने का फैसला किया है. इसी के साथ ही गांव–गांव जाकर HIV टेस्ट कैंप लगाने की भी योजना तैयार की जा रही है.
नए मरीजों की हर महीने बढ़ रही है संख्या
स्वास्थ्य विभाग के एक बयान के मुताबिक, सीतामढ़ी में हर महीने करीब 40 से 60 नए HIV पॉजिटिव मरीज ART सेंटर में निबंधित हो रहे हैं. तो वहीं लगातार बढ़ती संख्या ने सीतामढ़ी ART सेंटर को पूरे बिहार का हाईलोड सेंटर बना दिया है. दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग के सामने एक बड़ी चिंता भी खड़ी हो गई है.
हालांकि ART सेंटर से प्रत्येक माह करीब 5,000 मरीजों को लगातार नियमित रूप से दवाएं भी दी जा रही हैं. तो वहीं शेष मरीज बिहार के बाहर दूसरे राज्यों में इलाज करा रहे हैं.
मासूम बच्च भी संक्रमित
बिहार के इस जिले में बढ़ती HIV संक्रमित बच्चों की संख्या ने न केवल स्वास्थ्य विभाग बल्कि स्थानीय लोगों को भी चिंता में डाल दिया है. अगर रिपोर्ट की मानें तो 400 बच्चे इस वायरस की जद में आ गए हैं. ये बच्चे ऐसे परिवारों से आते हैं, जहां माता या पिता HIV पॉजिटिव हैं और यह संक्रमण जन्म से ही बच्चों को मिला है. इसको लेकर डॉक्टरों का कहना है कि यह बेहद गम्भीर स्थिति है और इससे साफ होता है कि समाज में जागरूकता की भारी कमी है.
इस सम्बंध में ART सेंटर के मेडिकल ऑफिसर डॉ. हसीन अख्तर का एक बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बयान में उन्होंने कहा कि HIV को लेकर समाज में जागरूकता का स्तर बहुत कम है. वह कहते हैं कि विभाग समय–समय पर अभियान चला रहा है लेकिन फिर भी संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं और कमी नहीं दिखाई दे रही है. ART सेंटर से 5,000 मरीजों को दवा दी जाती है. उन्होंने दावा किया है कि “हर महीने 40–60 नए मरीज सामने आ रहे हैं और यही वजह है कि सीतामढ़ी अब HIV का हाईलोड सेंटर बन गया है. इसने चिंता बढ़ा दी है.”
स्वास्थ्य विभाग ने बताई ये वजह
स्वास्थ्य विभाग ने एचआईवी के तेजी से बढ़ते मामलों को लेकर कई सामाजिक कारण बता रहे हैं मसलन-
घर के काफी समय तक बाहर रहने वाले प्रवासी मजदूर
बिना जांच शादी होना
सामाजिक शर्म की वजह से टेस्ट न कराना
संक्रमण को लेकर जागरूकता की कमी
ये भी पढ़ें-क्या आपकी भी है यही आदत…रात भर मोबाइल चार्जिंग पर छोड़कर सो जाना? जान लें नुकसान