Delhi Murder: श्रद्धा मर्डर केस में दो नए खुलासे, क्राइम शो देखकर हत्यारे आफताब ने शरीर के 35 टुकड़ों को रखने के लिए खरीदा था फ्रिज, रोज देखता था चेहरा, करता था घिनौना काम
श्रद्धा हत्याकांड से पूरे देश में सनसनी फैल गई है। हत्यारे ने पहले तो बेरहमी से अपनी प्रेमिका को मारा, इसके बाद उसके शरीर के 23 टुकड़ों को रखने के लिए फ्रिज खरीदा। इसी के साथ एक नया खुलासा सामने आ रही है कि उसने क्राइम शो डेक्सटर से प्रेरित होकर ही शरीर के अंगों को रखने के लिए फ्रिज खरीदा था।
जिस फ्रिज में रखे थे शरीर के टुकड़े, उसी में रखता था खाना
इस मामले में एक साथ दो नए खुलासे हुए हैं। सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा की हत्या का आरोपी आफताब रोज उसी कमरे में सोता था, जहां उसने श्रद्धा की हत्या कर शव को टुकड़ों में काटा था। फ्रिज में रखने के बाद वह उसका चेहरा देखता था। आफताब ने शरीर के अंगों को ठिकाने लगाने के बाद फ्रिज की सफाई भी की थी। वह करीब 18 दिनों तक युवती के शव के टुकड़ों के साथ रहा। हैरान करने वाली बात यह है कि आरोपी फ्रिज से खाने-पीने का सामान भी निकालता था और उसमें रखता था।

लिव इन रिलेशन में रहने का पिता ने किया था विरोध
पुलिस ने आरोपी की पहचान मुंबई निवासी आफताब अमीन पूनावाला (28) के रूप में की है, जिसे मृतका श्रद्धा के पिता की शिकायत के आधार पर शनिवार को पकड़ा गया और उसे पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं मृतका की पहचान मुंबई की रहने वाली श्रद्धा वाकर (27) के रूप में हुई है। श्रद्धा के पिता विकास मदान वाकर (59) ने आठ नवंबर को अपनी बेटी के अपहरण का मामला दिल्ली के महरौली थाने में दर्ज कराया था।
उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि वह महाराष्ट्र के पालघर में रहते हैं। उनकी 26 साल की बेटी श्रद्धा मुंबई के मलाड में एक कॉल सेंटर में काम करती थी। यहीं पर उसकी मुलाकात आफताब से हुई थी। दोनों में पहले दोस्ती थी, जो कि बाद में प्यार में बदल गई। फिर दोनों लिव-इन रिलेशन में रहने लगे। जब दोनों के प्रेम प्रसंग की जानकारी परिजनों को लगी तो उन्होंने विरोध किया। इसके बाद दोनों अचानक मुंबई छोड़ दिल्ली में आकर रहने लगे।
परिजनों से छह महीने तक बेटी ने नहीं किया था संपर्क, मिलने पहुंचे थे दिल्ली
पिता ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया से बेटी से जुड़े होने की वजह से मालूम चला था कि दोनों दिल्ली के महरौली के छतरपुर में रहने लगे थे। सोशल मीडिया के जरिए ही उसका हाल-चाल लेते रहते थे। मई के बाद बेटी से संपर्क नहीं हुआ। इस पर उनको चिंता हुई तो आठ नवंबर को वे सीधे दिल्ली के छतरपुर में उस जगह पहुंचे जहां बेटी किराये के फ्लैट में रहती थी, लेकिन फ्लैट में ताला लगा देखा तो दिमाग ठनका। इसी के साथ पिता विकास ने यहां से सीधे महरौली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
शादी का दबाव बनाने पर शुरू हुआ था झगड़ा
पिता की शिकायत के बाद टेक्निकल सर्विलांस की मदद से दिल्ली पुलिस आफताब की तलाश में जुट गई थी। इसके बाद पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर आफताब को धर दबोचा थी। इसके बाद पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो आरोपी ने बताया कि श्रद्धा उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर उनके बीच में अक्सर झगड़ा होना शुरू हो गया था।
18 मई को दिया था वारदात को अंजाम
पूरे मामले को लेकर एडिशनल डीसीपी दक्षिण दिल्ली अंकित चौहान ने मीडिया को बताया कि दोनों अक्सर झगड़ते थे और यह विवाद कई बार आपे से बाहर हो जाता था। 18 मई को हुई घटना में आरोपी आफताब ने अपना आपा खो दिया और श्रद्धा का गला घोंट दिया।
श्रद्धा की हत्या से पहले आफताब ने देखी थी क्राइम वेब सीरीज डेक्सटर
सूत्रों के मुताबिक, श्रद्धा से पहले भी आफताब के कई लड़कियों से संबंध थे। अपराध करने से पहले उसने कई क्राइम फिल्में और वेब सीरीज भी देखीं, जिनमें अमेरिकन क्राइम ड्रामा सीरीज डेक्सटर भी देखा था और इसी से उसने शरीर के टुकड़ों को रखने का आइडिया आया था।
सहेली ने भी किया खुलासा
सितंबर में पीड़िता की सहेली ने अपने परिवार को बताया था कि पिछले ढाई महीने से श्रद्धा से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है और उसका मोबाइल नंबर भी बंद आ रहा है। उसके परिवार ने उसके सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी चेक किया और इस दौरान कोई अपडेट नहीं पाया था।
आरोपी ने देखें क्या किया खुलासा
आरोपी ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसने क्राइम शो डेक्सटर देखकर ही शव के कई टुकड़े किए और फिर उनको रखने के लिए बाजार से एक बड़ा फ्रिज लेकर आ गया। उसने शव के टुकड़ों को फ्रिज में रख दिया और 18 दिन तक उन टुकड़ों को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में स्थित जंगलों में फेंक दिया। वहीं दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने खुलासा किया कि आरोपी आफताब ने श्रद्धा को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया है। उसके 35 टुकड़े कर आफताब ने उसके शरीर के टुकड़ों को जंगल से अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए हैं। महरौली थाने की पुलिस ने करीब छह महीने पहले हुई हत्या के मामले को सुलझाते हुए आफताब को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल इस मामले में आफताब से पुलिस अभी और पूछताछ कर रही है और कुछ नए खुलासे भी होने की सम्भावना जताई जा रही है। इस मामले में हो सकता है कि और भी लोग शामिल हों।