UP News: इस जिले के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों की घोर लापरवाही पर शुरू हुई निलम्बन की कार्रवाई, छात्रा को बंद कर दिया स्कूल में, अब BSA ने दिया ये बड़ा आदेश, वीडियो में देखें बच्ची ने क्या कहा

September 27, 2023 by No Comments

Share News

Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में प्राथमिक स्कूल के शिक्षक की बड़ी लापरवाही सामने आई है. स्कूल की छुट्टी के बाद शिक्षकों को घर जाने की इतनी जल्दी पड़ी कि, कक्षा-2 में पढ़ने वाली छात्रा को स्कूल में ही छोड़ कर ताला बंद कर घर चले गए. इस घटना से पूरे बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है तो वहीं खबर सामने आने के बाद खंड शिक्षाधिकारी ने निलम्बन का पत्र जिला बेसिक शिक्षा (BSA) को लिख दिया है.

घटना दरियाबाद विकास खंड के तासीपुर प्राथमिक विद्यालय से सामने आई है. यहां पर प्रधानाध्यापक पद पर तैनात विशेष शुक्ल मंगलवार दोपहर बाद 2 बजे बच्चों की छुट्टी करने के बाद स्कूल में ताला डालकर घर चले गए. उन्होंने ये तक चेक नहीं किया कि कोई बच्चा कक्षा में रह तो नहीं गया है. दरअसल कक्षा 2 की छात्रा आयुषी स्कूल सीट पर सो गई थी और इसी वजह से छुट्टी के दौरान वह बाहर नहीं निकल सकी और स्कूल में बंद हो गई. जब उसकी आंख खुली तो उसने खुद को कक्षा में बंद पाया. इस पर वह जोर-जोर से रोने और चिल्लाने लगी. कुछ ही देर में गांव वालों की भीड़ स्कूल के बाहर इकठ्ठा हो गई. छात्रा के बाबा पन्नेलाल ने बताया कि स्कूल के शिक्षक जल्दबाजी में बच्ची को कक्षा में ही बंद कर चले गए थे. बच्ची करीब एक घंटे तक स्कूल में बंद रही और जब वह चिल्लाने लगी तो आवाज पर लोग पहुंचे तो देखा कि बच्ची चिल्ला रही थी और वह घबराई हुई थी. इस पर लोगों ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को इस सम्बंध में जानकारी दी और बाद में स्कूल का ताला तोड़ कर छात्रा को स्कूल से बाहर निकाला गया तो छात्रा डर से सहमी हुई थी और अपने परिजनों को पाकर रोते हुए उनसे लिपट गई.

इस पूरी घटना को लेकर बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष देव पांडेय ने खंड शिक्षा अधिकारी मनीराम वर्मा को जांच के आदेश दे दिए हैं. खंड शिक्षाधिकारी मनीराम वर्मा ने बताया कि विद्यालय में प्रधानाध्यापक समेत दो शिक्षक और दो शिक्षामित्रों की तैनाती है, जिसमें एक शिक्षा मित्र अवकाश पर हैं. जांच में विद्यालय में प्रधानाध्यापक विशेष शुक्ल और सहायक अध्यापक मंसूरी कटियार की घोर लापरवाही समाने आई है. इस मामले में इन सभी की जांच की जा रही है. बीएसए को निलंबन के लिए पत्र भेजा जा चुका है. वहीं मनीराम वर्मा ने ये भी बताया कि छुट्टी होने के बाद कक्षा-2 की छात्रा कक्षा में फर्नीचर पर सो गई थी. सभी बच्चे और शिक्षक स्कूल से जा चुके थे. जब छात्रा जागी तो वह घबरा कर रोने लगी. इस पर ग्रामीणों से ताला तोड़ कर बच्ची को बाहर निकाला. इस मामले में शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं बीएसए ने तत्काल प्रभाव से आदेश दिया है कि, अब स्कूल बंद करने से पहले शिक्षक पूरा स्कूल चेक करेंगे. इसके बाद ही स्कूल में ताला लगाएंगे.

यहां देखे वीडियो