EDUCATION NEWS: CBSE विद्यार्थियों का खत्म होने वाला है इंतजार, जानें किस तारीख को होगी बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट की घोषणा, टर्म-2 के भी जारी होंगे परिणाम
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) कक्षा 10 और कक्षा 12 के विद्यार्थियों का इंतजार खत्म होने वाला है। 15 जुलाई तक बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा बोर्ड करेगा। इस बार इस परीक्षा में करीब 35 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। इस सम्बंध में विद्यार्थियों को सूचना दी गई है कि जो छात्र इस परीक्षा में शामिल हुए थे, वे नतीजे जारी होने के बाद CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर बताया है कि कक्षा 10 के नतीजे 13 जुलाई और कक्षा 12 के नतीजे 15 जुलाई तक जारी होने की संभावना है। हालांकि बोर्ड की तरफ से इस संबंध में अभी तक कोई अधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि कई प्रमुख समाचार वेबसाइटों व समाचार पत्रों में इस सम्बंध में खबर प्रकाशित की है कि कक्षा 10 के नतीजे आज अर्थात 4 जुलाई को जारी हो रहे हैं, लेकिन अभी तक इस मामले में बोर्ड की तरफ से कोई बयान जारी नहीं हुआ है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक कक्षा 10 की परीक्षाएं 26 अप्रैल से 24 मई और कक्षा 12 की परीक्षाएं 26 अप्रैल से 15 जून तक हुई थीं। कक्षा 10 की परीक्षा के लिए 21,16,209 छात्र और कक्षा 12 की परीक्षा के लिए 14,54,370 छात्रों ने पंजीकरण कराया था। जो छात्र कक्षा 10 या कक्षा 12 की टर्म-2 परीक्षा में सम्मिलित नहीं हुए थे, बोर्ड उनके नतीजों की भी घोषणा करेगा। ये नतीजे टर्म-1 के अंक और इंटर्नल मूल्यांकन के आधार पर तैयार होंगे। फिलहाल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.cbse.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट डाउनलोड कर सकते हैं। इसी के साथ विद्यार्थियों को SMS सुविधा भी दी गई है। कक्षा 10 के नतीजे देखने के लिए अपने मोबाइल के मैसेज बॉक्स में जाकर CBSE10 (स्पेस) रोल नंबर टाइप करें और 7738299899 पर SMS भेज दें। इस तरह भी परिणाम प्राप्त किया जा सकेगा।
एक उदाहरण से समझें- मान लीजिए आपका रोल नंबर 5671233 है तो मैसेज बॉक्स में जाकर CBSE10 5671233 टाइप करें और 7738299899 पर SMS भेज दें।
कक्षा 12 के विद्यार्थी भी इसी तरह से अपनी रिजल्ट प्राप्त कर सकेंगे। इन विद्यार्थियों को संगम पोर्टल पर नजर रखनी होगी। बता दें कि कक्षा 10 और 12 के नतीजे जारी करने से पहले CBSE ने छात्रों की सुविधा के लिए परीक्षा संगम पोर्टल लॉन्च किया है। ऐसे में अब यह उम्मीद की जा रही है कि बोर्ड परीक्षा संगम की वेबसाइट www.parikshasangam.cbse.gov.in पर भी नतीजे जारी कर सकता है। इसलिए छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने नतीजे देखने के लिए इस वेबसाइट पर भी नजर बनाए रख सकते हैं।