G-20 Summit In Lucknow: वसुदैव कुटुम्बकम की थीम पर आयोजित होगी पेन्टिंग प्रतियोगिता , मिलेगा नगद पुरस्कार, इस वेबसाइट पर कराएं रजिस्ट्रेशन

January 31, 2023 by No Comments

Share News

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण की अध्यक्ष मण्डलायुक्त डा. रोशन जैकब ने आगामी जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत विभिन्न स्कूल/कॉलेजों के प्रबंधकों व अधिकारियों के साथ मंगलवार को बैठक की और सम्मेलन में आयोजित होने वाली प्रतियोगिता की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि कक्षा 6 से 8, कक्षा 9 से 12, कक्षा 12 से उच्च शिक्षा, फाइन आर्ट्स के छात्र-छात्राएं (प्रोफेशनल) व शिक्षकों के लिए पांच वर्गों में प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रत्येक वर्ग से श्रेष्ठ चुने जाने वाले तीन-तीन प्रतिभागियों के मध्य पांच जनवरी को जनेश्वर मिश्र पार्क में होगी प्रतियोगिता, विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।

पेन्टिंग प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक प्रतिभागी g20lucknow.com वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। जी-20 सम्मेलन के दृष्टिगत शहर में कराये जा रहे कार्यों की मानिटरिंग में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को मण्डलायुक्त ने फटकार भी लगाई। बता दें कि प्रतियोगिता में कम से कम एक लाख से अधिक छात्र-छात्राएं, प्रोफेशनल आर्टिस्ट व शिक्षक कैनवास पर बसंत के रंग जी-20 के संग भरेंगे। आगामी जी-20 सम्मेलन में स्कूल/कालेज के बच्चों व शिक्षकों की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से लखनऊ विकास प्राधिकरण की रोशन जैकब ने वसुदैव कुटुम्बकम की थीम पर पेन्टिंग प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। इस सम्बंध में उन्होंने मंगलवार को शहर के विभिन्न स्कूल/कालेजों के प्रबंधकों व अधिकारियों के साथ प्राधिकरण भवन में बैठक की।

मण्डलायुक्त डा रोशन जैकब ने कहा कि इस प्रतियोगिता का आयोजन कक्षा 6 से 8, कक्षा 9 से 12, कक्षा 12 से उच्च शिक्षा, फाइन आर्ट्स के छात्र-छात्राएं (प्रोफेशनल) व शिक्षकों के लिए पांच वर्गों में होगा। इसके अंतर्गत 3 फरवरी को समस्त स्कूल/कालेज अपने स्तर पर प्रतियोगिता करवाएंगे, जिसमें प्रत्येक वर्ग से श्रेष्ठ चुने जाने वाले तीन-तीन प्रतिभागियों के मध्य 5 जनवरी को जनेश्वर मिश्र पार्क में प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें विजेता चुने जाने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र के साथ आकर्षक नगद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त पेन्टिंग प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले शिक्षण संस्थानों के प्रबंधकों/प्राचार्यों को अलग से प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पेन्टिंग प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी रिया केजरीवाल को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए इच्छुक संस्थान व प्रतिभागी g20lucknow.com वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। उन्होंने प्रबंधकों से अपील की कि वे अपने संस्थान के ज्यादा से ज्यादा बच्चों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें। इस दौरान उन्होंने जी-20 सम्मेलन को सफल बनाने के लिए स्कूल/कालेजों के प्रबंधकों से भी उनके सुझाव लिये, जिसमें स्कूलों के मुख्य गेट पर सेल्फी प्वाइंट्स तथा छात्रों के बैग के लिए जी-20 लोगो के स्टीकर दिये जाने समेत अन्य सुझाव प्राप्त हुए।