सड़क पर चलते-चलते अचानक गिरा हट्टा-कट्टा शख्स…फिर नहीं उठ सका; पूरे गांव में मचा हड़कंप-Video

November 26, 2025 by No Comments

Share News

Heart Attack: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक हट्टा-कट्टा शख्स सड़क पर जाते हुए दिख रहा है कि वह अचानक सड़क के बीचो बीच गिर पड़ता है. पहले तो राहगीरों को कुछ समझ नहीं आता लेकिन फिर लोग उसे उठाने के लिए दौड़ते हैं तो उसके शरीर में कोई हलचल नहीं होती.

यह वीडियो राजस्थान के बाड़मेर जिले में बालोतरा के पादरू कस्बे से सामने आया है. घटना सोमवार दोपहर को सामने आई है. शख्स की पहचान 45 वर्षीय टेलर अशोक कुमार के रूप में हुई है. सड़क पर गिरने के बाद अशोक नहीं उठे और उनकी मौत हो गई. गांव में बने मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होने आए लोगों की भीड़ के बीच यह घटना सभी को स्तब्ध कर गई और बाजार में हड़कंप मच गया.

जेठाराम डाबी ने अशोक के बारे में बताया कि वह मूलत: पादरू दर्जियों का वास के रहने वाले थे लेकिन पिछले कई सालों से तमिलनाडु में रहकर सिलाई की दुकान चलाते थे और टेलर थे. दीपावली से पहले ही वह गांव आ गए थे और परिवार के साथ रह रहे थे. 26 और 27 नवम्बर को गांव में मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होना है जिसकी तैयारियां गांव में चल रही थी.

इसी दौरान सोमवार की दोपहर करीब 1 बजे अशोक किसी काम से बाजार निकले और फिर बाजार से लौटते वक्त पादरू-बालोतरा रोड पर अचानक चलते-चलते गिर पड़े. इस पर आस-पास के लोगों ने उनको तुरंत पादरू अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बालोतरा रेफर कर दिया गया.

तो वहां पर बालोतरा नाहटा हॉस्पिटल के डॉ. राजेंद्र पालीवाल ने ईसीजी किया और फिर कहा कि ईसीजी के दौरान ही पता चल गया था कि रोगी की मौत रास्ते में ही हो चुकी थी. फिलहाल परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इनकार कर दिया लेकिन डॉक्टरों की प्रारंभिक जांच से ये मामला हार्ट अटैक का मालूम होता है.

3 दिसम्बर को जाने वाले थे तमिलनाडु

मिली जानकारी के मुताबिक, अशोक 3 दिसम्बर को फिर से तमिलनाडु जाने वाले थे और उनकी वापसी की भी टिकट बुक हो चुकी थी लेकिन इससे पहले ही उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से परिवार में मातम पसर गया है. उनके चार बच्चे हैं. दो बेटे ललित, जेमिन और दो बेटियां रानी और किरण हैं. परिवार के लिए दुखद बात यह है कि उनके छोटे भाई प्रकाश की भी मौत चार महीने पहले ही हुई थी और अब इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है.

अब नहीं होगी मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पादरू कस्बे में दर्जियों के करीब 50 परिवार रहते हैं और सभी ने मिलकर सती माता मंदिर का जीर्णोद्धार करवाया था. इसी मंदिर में 26-27 नवंबर को प्राण-प्रतिष्ठा होनी थी लेकिन इससे पहले ही ये दुखद घटना हो गई. इस पर पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. फिलहाल कार्यक्रम को टाल दिया गया है.

मालूम हो कि पिछले कई सालों से हार्ट अटैक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. कभी डांस करते वक्त तो कभी एक्सरसाइज करते वक्त लोग गिर रहे हैं और फिर मौत हो रही है. सोशल मीडिया पर वायरल इस तरह के वीडियोज ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. कोई इसे पोस्ट कोविड इफेक्ट बता रहा है तो कोई इसे वैक्सीन के साइड इफेक्ट कह रहा है. फिलहाल इसको लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं हुई है.

ये भी पढें- IAS अधिकारी संतोष वर्मा ने ब्राह्मण बेटियों पर दिया शर्मनाक बयान…कार्रवाई की मांग-Video