Kanpur: अब बिठुर से गंगा बैराज तक क्रूज और सी प्लेन का ले सकेंगे आनन्द, जानें क्या की जा रही है तैयारी
Kanpur: अब जल्द ही कनपुरियों को क्रूज और सी प्लेन का मजा भी मिल सकेगा. इसको लेकर यूपी सरकार बड़ी योजना बना रही है. दरअसल वाराणसी से असम तक जाने वाली गंगा विलास क्रूज का सफर लोगों को काफी पसंद आ रहा है. इसी को देखते हुए अब कानपुर के गंगा बैराज पर लोगों को क्रूज की सवारी कराने के लिए यूपी सरकार तैयारी कर रही है. जल्द कनपुरिए भी कानपुर में बिठुर से लेकर गंगा बैराज तक तेज लहरों के बीच क्रूज के साथ होवर प्लेन और सी प्लेन का मजा उठा सकेंगे.
इसके लिए सरकार ने योजना बनानी शुरू कर दी है. कानपुर के प्रशासनिक अधिकारी काशी के अफसरों के साथ बातचीत करेंगे. मालूम हो कि शुक्रवार को सीए़म योगी आदित्यनाथ के सलाहकार अवनीश अवस्थी अपनी पत्नी पद्मश्री मालिनी अवस्थी के साथ गंगा बैराज पहुंचे और बोट में बैठकर गंगा की तेज लहरों का भरपूर आनंद लिया. अवनीश अवस्थी जब बोट क्लब से वापस आए तो उन्होंने कमिश्नर से कहा कि कानपुर में जो गंगा की धारा है उस पर वाटर एक्टिविटीज (Water Activities) के लिए एक बेहतर हब बनाया जा सकता है. इसके लिए उन्होंने वाराणसी के अधिकारियों से बातचीत कर आइडिया लेकर उस पर काम करने की बात कही है. इसी के साथ पूरा प्लान तैयार कर जल्द ही इस पर अमल लाए जाने के लिए भी कहा.