Kerala:केरल हाईकोर्ट के जज वी चिताम्बरेश ने ब्राह्मणों को आरक्षण के खिलाफ आंदोलन करने की दी सलाह, कहा इन गुणों के कारण ब्राह्मण दो बार लेता है जन्म
केरल हाईकोर्ट के जज वी चिताम्बरेश का ब्राह्मणों के हित में दिया गया बयान सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। उन्होंने ब्राह्मणों को आरक्षण के खिलाफ आंदोलन करने की सलाह दी है। इसी के साथ ब्राह्मणों की जमकर तारीफ करते हुए कहा है कि ब्राह्मणों के पूर्व जन्म के अच्छे कर्म ही होते हैं जो वह दो बार जन्म लेता है।
मीडिया सूत्रों के मुताबिक हाल ही में तमिल ब्राह्मणों के ग्लोबल सम्मेलन में जस्टिस चिताम्बरेश ने ब्राह्मणों के सामाजिक और आर्थिक हालात का मुद्दा उठाते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर होने के कारण वह अपने कोई विचार जाहिर नहीं कर सकते हैं लेकिन ब्राह्मणों के लिए यह मंथन करने का वक्त है। ब्राह्मणों को आरक्षण के खिलाफ खड़ा होना चाहिए। क्या आरक्षण सिर्फ समूह या जाति के आधार पर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि, ” मैं आपको केवल ये बताना चाहता हूं कि आंदोलन के लिए ब्राह्मणों के पास एक मंच है। आर्थिक आधार पर आरक्षण के मुद्दे को उठाएं, जाति या धर्म के आधर पर नहीं।
ब्राह्मण होता है द्विजन्मा
जस्टिस चिताम्बरेश ने ब्राह्मण समाज की सराहना करते हुए कहा कि ब्राह्मण द्विजन्मा होता है। पूर्व जन्म में किए गए अच्छे कर्मों की वजह से ही उसका दो बार जन्म होता है। इसी के साथ उन्होंने 10 प्रतिशत आरक्षण के बारे में बोलते हुए कहा कि एक ब्राह्मण रसोइए का बेटा यदि नॉन क्रीमीलेयर में आता है तो उसे आरक्षण नहीं मिलेगा, लेकिन वही एक लकड़ी व्यापारी का बेटा जो कि ओबीसी समुदाय से आता है और नॉन क्रीमीलेयर के दायरे में आता है तो भी उसे आरक्षण मिलेगा।