Ayodhya Ram Mandir: देश के इन राज्यों में 22 जनवरी को नहीं बिकेगी शराब, ड्राई डे की हो चुकी है घोषणा
Ram Mandir Inauguration: अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा होने जा रही है. इसको देखते हुए जहां मुस्लिम समाज ने इस दिन नॉनवेज की दुकानों को बंद रखने की घोषणा की है तो वहीं देश के कुछ राज्यों ने इस दिन शराब न बेचने की फैसला किया है और इस दिन को ड्राई डे घोषित किया है. बता दें कि, 22 जनवरी को सुबह 11 बजे के बाद राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू होगा और रामलला की मूर्ति को गर्भ गृह में स्थापित किया जाएगा. इस मौके पर बड़ी संख्या में वीआईपी अयोध्या पहुंचेंगे.
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में राम मंदिर का भव्य समारोह होने जा रहा है और राम मंदिर का उद्घाटन होने जा रहा है, ऐसे में राज्य सरकार ने इस दिन ड्राई डे रखा है. इस दिन पूरे उत्तर प्रदेश में शराब की दुकानें बंद रहेंगीं. तो वहीं हरियाणा सरकार ने भी शराब की दुकानें बंद रखने की घोषणा की है. इस दिन राज्य में शराब की बिक्री नहीं होगी. सीएम मनोहर लाल खट्टर ने इस बात की घोषणा की. बता दें कि हरियाणा में भी बीजेपी की ही सरकार है.
राजस्थान से लेकर असम तक घोषित है ड्राई डे
तो वहीं हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राजस्थान में जीत हासिल की थी, इसके बाद से यहां पर भी भाजपा की सरकार है. यहां भी भगवान राम की मूर्ति के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए ड्राई डे का ऐलान किया गया है. आबकारी विभाग ने साफ किया है कि राज्य में शराब बिक्री पर रोक रहेगी. तो इसी के साथ ही राजस्थान के अलावा 22 जनवरी को मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और असम में भी शराब की बिक्री बंद रहेगी. ये तमाम राज्य बीजेपी शासित प्रदेश हैं, इनमें से कुछ राज्यों में हाल ही में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की है. इस तरह से भाजपा शासित कई राज्यों में 22 जनवरी को शराब की बंदी की गई है.