Lucknow:चेकिंग के लिए रोकने पर बीस हजार के इनामी बदमाश ने की फायरिंग, मुठभेड़ के बाद हुआ गिरफ्तार, दर्ज हैं 22 मुकदमें
लखनऊ। चेकिंग के लिए रोकने पर फायरिंग करने वाले 20 हजार के इनामी बदमाश सिराज को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। मतीनगर सहारा ओवरब्रिज के पास शनिवार तड़के मुठभेड़ हुई थी, जिसमें गोमतीनगर पुलिस और डीसीपी पूर्वी की क्राइम टीम के ज्वाइंट आपरेशन के दौरान सिराज के बाएं पैर में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान सिराज का एक साथी भाग निकला है, जिसे पुलिस तलाश रही है। वहीं, घायल सिराज को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बदमाश के खिलाफ 22 मुकदमे दर्ज हैं।
पूरे घटनाक्रम को लेकर इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि शनिवार सुबह विपुलखंड सहारा ओवरब्रिज के पास चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान बाइक सवार दो लोग आते दिखाई पड़े, उन लोगों को भी चेकिंग के लिए रुकने का इशारा किया गया, लेकिन पीछे बैठे युवक ने पुलिस टीम को देखते ही गोली चलानी शुरू कर दी। फायरिंग होने पर पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के बाएं पैर में लगी।
इस दौरान बदमाशों की बाइक फिसल गई। फायरिंग के बीच ही बाइक चला रहा बदमाश भाग निकला। तो वहीं गोली लगने से एक युवक घायल हो गया, जिसकी पहचान सुलतानपुर निवासी सिराज के तौर पर हुई है। जो मौजूदा वक्त में मड़ियांव छठा मील के पास ठिकाना बनाए हुए हैं। एडीसीपी पूर्वी सै. अली अब्बास ने बताया कि सिराज के खिलाफ इन्दिरानगर, गाजीपुर के साथ ही सुल्तानपुर जनपद में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। सिराज के पास से पुलिस को एक पीट्ठू बैग भी मिला है, जिसमें चुराए गए जेवर मिले हैं। उस पर 20 हजार का इनाम था और पुलिस को सिराज की तलाश थी।