सनसनीखेज वारदात: महिला भाजपा नेता के दिव्यांग भाई पर झोंका फायर, इसके बाद उन्नाव पहुंच शादीशुदा प्रेमिका के पेट पर भी दागी गोलियां
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी के बंथरा के लतीफनगर में गुरुवार को हुई सनसनीखेज वारदात में पुरानी रंजिश को लेकर भाजपा नेता मधु चौरसिया के भाई को पड़ोसी विशाल कश्यप ने गोली मार दी। सुबह हुई घटना में गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो विशाल असलहा लहराते हुए भाग निकला। इसके बाद वह बाइक से उन्नाव जनपद के पुरवा के एक गांव में पहुंचा और प्रेमिका के पेट पर भी दो गोलियां दाग दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी विशाल को ग्रामीणों ने दबोच लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इसके बाद जल्द ही घायल महिला को कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
लतीफनगर में रहने वाली मधु चौरसिया भाजपा महिला मोर्चा से सरोजनीनगर मंडल अध्यक्ष हैं। मधु के 35 वर्षीय दिव्यांग भाई नीरज चौरसिया गुरुवार सुबह घर के बाहर बरामदे में बैठे बच्चों को पढ़ा रहे थे। आरोप है कि इस बीच पड़ोस में रहने वाला विशाल कश्यप पहुंचा। बताते हैं कि विशाल से पुरानी रंजिश भी है। इसके चलते ही विशाल ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। बचाव में नीरज बच्चों को लेकर अंदर की ओर भागे। इस बीच नीरज के कंधे पर गोली लगी। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीण दौड़े तो विशाल हवाई फायरिंग करते हुए बाइक से भाग निकला।
गोली लगने से नीरज मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। बंथरा पुलिस ने मौके से एक जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया है। नीरज को घायलावस्था में अस्पताल ले जाया गया। तो वहीं विशाल नीरज को मारने के बाद भागकर उन्नाव जनपद के पुरवा के एक गांव में पहुंचा। जहां उसकी शादीशुदा प्रेमिका रहती है। दरवाजे पर पहुंकर प्रेमिका को बुलाया, इसके बाद उसके पेट में भी दो गोलियां दाग दीं। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े। उन्होंने भाग रहे विशाल को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। घायल महिला को उन्नाव के जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां, से हालत नाजुक देख उसे कानपुर हैटल रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हत्यारे का चल रहा था प्रेम प्रसंग
इंस्पेक्टर पुरवा ने बताया कि महिला का विशाल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। विशाल अपनी प्रेमिका के गांव में कपड़ा सिलाई की दुकान में नौकरी करता था। शादी के बाद महिला ने मिलना जुलना बंद कर दिया था। इसके साथ ही फोन पर बात भी कम ही करती थी। इससे दोनों में काफी समय से अनबन चल रही थी। महिला के ससुर की तहरीर पर विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।