Lucknow News: नशे में धुत CRPF जवान ने पत्नी पर झोंक दी फायर, नहीं खोला था गेट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज वारदात सामने आ रही है। नशे में धुत सीआरपीएफ जवान ने पत्नी पर फायर झोंक दी। बताया जा रहा है कि पत्नी ने गेट नहीं खोला था। जानकारी सामने आ रही है कि आए दिन नशे की हालत में घर पहुंचने वाले सीआरपीएफ जवान नीरज कुमार की हरकतों से त्रस्त होकर सोमवार को पत्नी ने गेट नहीं खोला तो उसने लाइसेंसी रिवाल्वर से उस पर फायर झोंक दिया। हालांकि निशाना चूक गया और पत्नी बाल बाल बच गई। सरोजनीनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही रिवाल्वर भी कब्जे में ले ली गई है।
पुलिस ने मीडिया को बताया कि सरोजनीनगर जागृतिनगर बदालीखेड़ा में रहने वाले नीरज कुमार सीआरपीएफ में सिपाही हैं। वह जम्मू कश्मीर में तैनात हैं। नीरज कुछ दिन पहले छुट्टी पर आए थे। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर संतोष कुमार आर्य के मुताबिक नीरज की पत्नी निशा ने बताया कि पति को शराब की लत है। आए दिन वह नशे में धुत होकर घर लौटते और गाली-गलौज कर मारपीट करते हैं। पीड़िता के मुताबिक सोमवार को पति घर के बाहर निकले थे।
दोपहर लौटे तो वह गेट खटखटा रहे थे। पति नशे में थे। इसी वजह से गेट नहीं खोल रही थी। इस पर वह बाहर से ही गाली-गलौज करने लगे। जब गेट खोला तो उन्होंने रिवाल्वर से फायर झोंक दी। निशाना चूक गया तो बच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आस पड़ोस के लोग आ गए। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि निशा की तहरीर पर नीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, रिवाल्वर जब्त कर ली गई है। उसके निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।