LUCKNOW:उत्तर प्रदेश की राजधानी को चमकाने में जुटीं दो नारी “शक्ति”, चप्पे-चप्पे पर नजर, ताकि शहरवासियों को न घेरें बीमारी व संक्रमण, देखें तस्वीरें

Share News

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी को चमकाने के लिए इस समय दो नारी “शक्ति” ने बागडोर सम्भाल ली है। चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। ताकि शहर में किसी तरह का संक्रमण न फैल सके और न ही किसी को कोई बीमारी लग सके। ये तो सभी जानते हैं कि बारिश का मौसम शुरू हो गया है और ऐसे में तमाम बीमारियां सिर उठा लेती हैं। ऐसे में अगर घर के अंदर से लेकर बाहर तक साफ-सफाई हो, तो काफी हद तक इन बीमरियों से बचा जा सकता है। तो ऐसी ही बीमारियों से शहर को बचाने के लिए जहां मेयर संयुक्ता भाटिया ने मानसून आने से पहले से ही कमर कस ली थी, तो वहीं हाल ही में लखनऊ मंडलायुक्त का पदभार सम्भालने वाली रोशन जैकब भी प्रतिदिन शहर के तमाम हिस्सों का निरीक्षण कर सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दे रही हैं।

मेयर ने तलब की डिजिटल रिपोर्ट, बुलाई जोनल अधिकारियों की बैठक, जताई नाराजगी और दिया आदेश
मेयर संयुक्ता भाटिया ने शहर में फिर से शहर में नाला व नाली सफाई पर 2 दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसी के साथ शहर में हो रही नाली सफाई पर महापौर ने नाराजगी भी जताई और डिजिटल रिपोर्ट तलब की। नाली सफाई पर महापौर ने जोनल अधिकारियों और जोनल सेनेटरी ऑफिसरों की बैठक भी बुलाई और शहर में मानसूनी बारिश आगमन पर शहर की सभी छोटी नालियों की पुनः सफाई कराने के लिए 2 दिवसीय विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

नगर निगम के त्रिलोकनाथ हॉल में बैठक आहूत कर सभी जोनल सेनेटरी ऑफिसर और सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों को इस कार्य के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही कहा कि अगर किसी भी नाले के भरने की वजह से जलभराव की समस्या आई को बख्शा नहीं जाएगा। अगर कहीं नाली चोक है तो पक्का अतिक्रमण हटाने में भी देरी न करें। इसी के साथ अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह ने समस्त जोनल सेनेटरी ऑफिसर को निर्देशित किया कि 2 दिवसीय अभियान के दौरान उस क्षेत्र के लोग व पार्षद, पत्रकार साथियों और अन्य सामाजिक लोगों के साथ सफाई अभियान का निरीक्षण करें और उसका वीडियो और फ़ोटो लेकर डिजिटल डायरी बनवाये और उसको महापौर जी को भी प्रेषित करें।

मंडलायुक्त डा. रोशन जैकब ने किया औचक निरीक्षण
मण्डलायुक्त डा0 रोशन जैकब ने शहर के विभिन्न मार्गो एवं गलियो की साफ-सफाई को लेकर औचक निरीक्षण किया। इसी के साथ कहा कि खुले में कूड़े डम्प नहीं होना चाहिये। मण्डलायुक्त ने आईटी चौराहे का निरीक्षण किया जहां सफाई कर रहे कर्मचारी बिना ग्लप्स, यूनीफार्म, आईडी कार्ड के मिले, इस पर उन्होंने नाराजगी जताई और सम्बंधित अधिकारियों को सारी चीजें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद निराला नगर,चेतन विहार, शेखपुरा(अलीगंज) में गलियों में जाकर निरीक्षण किया। जहां मौके पर कूड़े वाली गाड़ियां डोर टू डोर जाकर स्वच्छता से सम्बंधित जिंगल बजाती मिली।

इस मौके पर उन्होंने निर्देश दिया कि कूड़े उठाने वाली ट्राली/गाड़ियां बहुत जर्जर/पुरानी है और उसके स्थान पर नई कूड़े उठाने वाली ट्राली ले लिया जाये। जिससे सफाई कार्य गुणवत्तापूर्ण ससमय पूर्ण हो सके। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी मेहनती है लेकिन मशीनों का उपयोग कम कर रहे है कूड़े मशीनों का उपयोग ज्यादा से ज्यादा किया जाये और मशीनों का भी पेन्ट/सौन्दर्यीकरण करा लिया जाये। मण्डलायुक्त द्वारा निरीक्षण के दौरान जानकीपुरम में नालियों में गन्दगीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की और सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नही है। मुख्य मार्ग के सफाई के साथ-साथ गलियों की सफाई का भी विशेष ध्यान दिया जाए। जहां पर कूड़े खुले में डम्प है उनकों धीरे-धीरे कम कर लिया जाये।