Madhya Pradesh: आदिवासी युवक के चेहरे पर पेशाब करने वाले आरोपी के घर में चला बुलडोजर, वायरल हुआ वीडियो, नशे में धुत व सिगरेट पीते हुए शख्स ने की गंदी हरकत
Madhya Pradesh: मध्य प्रदेश के सीधी में प्रवेश शुक्ला के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके आवास पर बुलडोज़र चला दिया गया है. प्रवेश शुक्ला द्वारा एक व्यक्ति पर पेशाब करने का वीडियो वायरल हुआ था. बता दें कि कल ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक शख्स शराब के नशे में आदिवासी युवक पर पेशाब करता हुआ दिख रहा था. उसकी पहचान प्रवेश शुक्ला के रूप में हुई थी और उसे भाजपा का कार्यकर्ता भी बताया जा रहा है. इस पूरे मामले को लेकर राजनीति भी गरमा गई है.
इस पूरे मामले को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट करते हुए कहा था कि, ”मेरे संज्ञान में सीधी जिले का एक वीडियो आया है. उस मामले में मैंने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि अपराधी को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए. उसके खिलाफ एनएसए (राष्ट्रीय सुरक्षा कानून) भी लगाया जाए.” वहीं, दूसरी ओर घटना को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर निशाना साधा है और आरोप लगाया था कि मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना को अंजाम देने वाला शख्स भारतीय जनता पार्टी के विधायक का ही प्रतिनिधि है. ऐसे में कई कांग्रेसी नेता इसे भाजपाइयों की करतूत भी बता रहे थे तो वहीं मायावती ने बुधवार को ही मध्य प्रदेश सरकार से सम्पत्ति ध्वस्त करने की मांग की थी.