जारी है प्रकृति का कहर: भारी बारिश के बाद शिमला में ढही चार मंजिला इमारत, डोडा में फटा बादल, महाराष्ट्र में आई बाढ़, देखें वीडियो
चारो तरफ प्रकृति का कहर जारी है। भारी बारिश के बाद हिमाचल प्रदेश के शिमला के चौपाल कस्बे में एक चार मंजिला इमारत के ढहने की खबर सामने आ रही है। तो इसी के साथ महाराष्ट्र में कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों के घर डूब गए हैं। वहीं अमरनाथ गुफा के बाद अब जम्मू कश्मीर के डोडा में बादल फटने की जानकारी सामने आई है।
एएनआई ने एक वीडियो ट्विटर पर जारी करते हुए जानकारी दी है कि हिमाचल प्रदेश के शिमला के चौपाल कस्बे में भारी बारिश की वजह से एक चार मंजिला इमारत ढह गई। स्थानीय प्रशासन ने इमारत को पहले ही खाली करा दिया था, इसलिए किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
तो वहीं महाराष्ट्र की आसन नदी में बाढ़ के कारण हिंगोली जिले के कई घरों में जल भराव हो गया है। बता दें कि कल ही अमरनाथ गुफा के पास बादल फटने की खबर सामने आई थी। इस घटना में अभी तक 16 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ चुकी है तो वहीं 29 लोगों को अभी तक बचाया गया है, जिनमें से 9 गंभीर रूप से घायल होने की खबर भी सामने आ रही है।
इसी बीच जम्मू कश्मीर के डोडा में बादल फटने की खबर सामने आ रही है, जिससे दर्जनों वाहन मिट्टी में फंस गए हैं। मीडिया सूत्रों के मुताबिक इस घटना में फिलहाल किसी की जान नहीं गई है।
यहां बादल फटने की घटना सुबह 4 बजे हुई है। पहाड़ से पानी आने के बाद सड़क पर पत्थर गिरने के बाद पत्थर और मिट्टी का मलबा सड़क पर जम गया है। इस घटना के बाद हाइवे पर यातायात भी बाधित हो गया है, लेकिन अब रास्ता साफ कर दिया गया है। वहीं अमरनाथ में पूरी रात बचाव अभियान चलता रहा। अभी भी वहां बचाव कार्य जारी है।