New Year Celebration: लखनऊ समेत पूरे प्रदेश में आज शाम से युवतियों की सुरक्षा के लिए सादे कपड़े में गश्त करेगी पुलिस, शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की खैर नहीं, देखें वीडियो

December 31, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। हर साल की तरह इस बार भी नए साल को लेकर यूपी (उत्तर प्रदेश) में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। महिलाओ-लड़कियों की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों में पुलिस गश्त करेगी। इसी के साथ पूरी रात पुलिस चेकिंग करेगी। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

देखें क्या निर्देश दिए हैं एडीजीएलओ ने

प्रेसवार्ता करते हुए एडीजी एलओ प्रशांत कुमार ने नए साल पर प्रदेश की कानून व्यवस्था के बारे में विस्तार से बताया। सीनियर ऑफिसर 31 दिसम्बर की रात से ही भ्रमणशील रहेंगे। इसी के साथ 1 जनवरी को सभी महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों पर भी सुरक्षा व्यवस्था कराई जाएगी। इसी के साथ पूरे प्रदेश में सभी महत्वपूर्ण संस्थानों में पुलिस सिक्योरिटी बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी के साथ उन्होंने लोगों से अपील की कि ट्रैफिक की जो गाइड लाइन है, उसी का पालन करें।

गाड़ियों का जहां आना-जाना रोका गया है, उसे भी मानें। किसी तरह की दुर्घटना न हो। इसके लिए लोगों से अपील है कि जो पुलिस और प्रशासन द्वारा व्यवस्था की गई है और नियम लागू किए गए हैं, उसका पालन करें। इसी के साथ स्टंट करने वाली जगहों पर भी कड़ी सुरक्षा होगी। इसी के साथ उन्होंने ये भी कहा कि महिलाओ व युवतियों की सुरक्षा के लिए सादे कपड़े में भी पुलिस प्रमुख स्थलों पर गश्त करेगी।

देखें लखनऊ ज्वाइंट कमिश्नर ने क्या जारी किए हैं सुरक्षा को लेकर दिशा-निर्देश
इसी के साथ दूसरी ओर लखनऊ ज्वांइंट कमिश्नर ने भी लखनऊ में क्या सुरक्षा के बंदोबस्त रहेंगे, इस पर मीडिया को जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि सभ्य,शालीन तरीके से नया साल मनाया जाए, इसके लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी। सड़क पर हुडदंग करने वालों से सख़्ती से निपटा जाएगा।

रात 2:00 बजे तक लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में पीआरवी, पॉलीगन, पिंक स्कूटी, पिंक पैंथर करेंगी गश्त। 31 की रात से लेकर एक जनवरी की रात तक लखनऊ सहित प्रदेश के तमाम हिस्सों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। ड्रोन कैमरा व आईटीएमएस से भी नजर रखी जाएगी। सभी जोन के संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले इलाकों पर कड़ी निगरानी रहेगी। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की चेकिंग के लिए 100 से अधिक स्थानों पर पुलिस मुस्तैद रहेगी। इसी के साथ सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई।

नए साल के सेलिब्रेशन को देखते हुए पूरे कमिश्नरेट में 7900 पुलिस कर्मी तैनात होंगे। 16 कंपनी पीएसी भी 31 दिसम्बर की शाम से तैनात हो जाएगी। माल, बार, होटल, रेस्टोरेंट में मानक से अधिक लाउडस्पीकर नहीं बजा सकेंगे। विभूति खंड थाना क्षेत्र में स्थित समिट बिल्डिंग को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। आए दिन विवादों में रहने वाली Summit बिल्डिंग में 17 बार है। हर बार में कितने लोग इकट्ठा है इसका नोटिस बार के बाहर लगाना होगा। क्षमता से अधिक लोगों को बिल्डिंग में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। समिट बिल्डिंग और बार मैनेजमेंट अंदर सुरक्षा के सभी इंतजाम करेगा। समिट बिल्डिंग के साथ-साथ लखनऊ कमिश्नरेट के सभी बार में कितने लोग प्रवेश करेंगे। कितने की है क्षमता है, मैनेजमेंट को नोटिस चस्पा कर बताना होगा। इसकी निगरानी पुलिस करेगी। क्षमता से अधिक लोगों के बार में प्रवेश करने पर मैनेजमेंट पर कार्रवाई होगी। (फोटो एएनआई)