Pariksha Pe Charcha 2024 By PM Modi: पीएम मोदी ने खोला अपनी नींद का राज, स्टुडेंट्स ने लगाई सवालों की झड़ी, देखें वीडियो
Pariksha Pe Charcha 2024 By PM Modi: साल में एक बार पीएम मोदी की परीक्षा पे चर्चा होने वाले कार्यक्रम का विद्यार्थियों को बेसब्री से इंतजार रहता है. तो वहीं सोमवार को इस कार्यक्रम के सातवें संस्करण में पीएम ने जहां बच्चों की तमाम शंकाओं का समाधान किया, तो वहीं ढ़ेर सारे सवालों के जवाब दिए. इस बीच एक सवाल उठा जिसमें मेंटल हेल्थ और फिजिकल हेल्थ की इंपॉर्टेंस पर सवाल पूछा गया. तो वहीं बच्चों को जवाब देते हुए पीएम मोदी ने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि कैसे अच्छी नींद प्रोडक्टिव जीवन की नींव रखती है. स्टूडेंट लाइफ में भी अच्छी नींद का बहुत महत्व है. अगर बच्चे ठीक से सोएंगे नहीं, ठीक से खाएंगे नहीं और खेलेंगे-कूदेंगे नहीं तो पढ़ाई में जो रिजल्ट आना चाहिए वो नहीं आएगा.
पीएम मोदी ने आगे अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि, वे जब बिस्तर पर लेटते हैं तो 30 सेकेंड के अंदर गहरी नींद में चले जाते हैं. न वे करवटें बदलते हैं और न ही नींद आने का इंतजार करते हैं. इस तरह जब वे जागृत होते हैं तो पूरी तरह जागृत होते हैं और जब सोते भी हैं तो पूरी तरह सोते हैं. कच्ची नींद नहीं लेते और न ही रात में करवटें बदलते रहते हैं.
जानें क्यों है ऐसी नींद जरूरी
बच्चों को सम्बोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि, पढ़ाई के लिए अच्छा स्वास्थ्य जरूरी है. इसके लिए जीवन में बहुत से नियम होने चाहिए. इसके अंतर्गत हेल्दी, न्यूट्रीशस फूड खाना, ठीक से सोना, खेलना जैसी बहुत सी चीजें आती हैं. उन्होंने आगे कहा कि, पढ़ाई ठीक से हो इसके लिए जरूरी है की नींद भी ठीक हो. उन्होंने गहरी नींद पर फोकस करते हुए कहा कि केवल सोना जरूरी नहीं है, ठीक से सोना जरूरी है. इसलिए रात में फोन लेकर रीले देखने में समय न गंवाएं और जितना सोएं अच्छा सोएं.
पीएम ने ली चुटकी
बच्चों से बात करते हुए पीएम मोदी ने चुटकी ली और कहा कि, बच्चे घर जाकर अपने मां-बाप से ये न कहें कि हम सोएंगे क्योंकि पढ़ाई में अच्छा करने के लिए सोना जरूरी है. उन्होंने पढ़ाई के लिए नियमित व्यायाम, अच्छा खाना और आराम तीनों पर जोर दिया.