JRRSU Rajasthan: शौचालय और मांसाहारी कचरा न साफ करने पर ब्राह्मण चालक को राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय ने किया निलम्बित, वायरल हुआ कार्यालय आदेश, राजभवन जयपुर से की गई जांच की मांग
जगद्गुरु रामानन्दाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय (जरारासंविवि-JRRSU) जयपुर का एक कार्यालय आदेश सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वायरल पत्र में लिखा है कि विमलेश कुमार चौबे, वाहन चालक, जरारासंविवि जयपुर के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही अपेक्षित है। इसलिए विमलेश कुमार चौबे राजस्थान सिविल सेवा नियम के तहत निलम्बित किया जाता है। यह पत्र 21 जुलाई 2022 का है।
इस पत्र को वायरल करते हुए एक ट्विटर यूजर ने दावा करते हुए आरोप लगाया है कि ब्राह्मण चालक विमलेश कुमार चौबे को शौचालय और मांसाहारी कचरे को साफ करने से इनकार करने के कारण ही नौकरी से निलंबित कर दिया गया है। एक संस्कृत विश्वविद्यालय के वीसी (कुलपति) ने उन्हें कथित तौर पर उनकी जाति के लिए प्रताड़ित किया था। उनके पिता एक मंदिर में पुजारी हैं। इस ट्विट को राजभवन जयपुर को भी टैग किया गया है। इसी के साथ राजभवन से अपील की गई है कि इस मामले को गम्भीरता से लें। फिलहाल इस पूरे विवाद को लेकर विश्वविद्यालय की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जबकि इस आदेश को वायरल हुए करीब 10 घंटे हो गए हैं।