Ratan Tata: जब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के घर पर रतन टाटा को परोसा गया था इडली, सांभर, डोसा…जानें क्या था वो किस्सा; रो पड़े सुहेल सेठ-Video

October 10, 2024 by No Comments

Share News

Ratan Tata Death: देश के ‘रत्न’ रतन टाटा आज दुनिया में नहीं हैं लेकिन उनकी बातें और उनके विचार और उनके साथ बिताए पलों को लोग ताजा कर उन्हें याद कर रहे हैं तो वहीं पूरा देश उनको नमन कर रहा है. मुम्बई के एनसीपीए मैदान में उनको श्रद्धांजलि देने के लिए पूरा देश उमड़ पड़ा है. आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए यहां पहुंचे हैं तो वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने भी श्रद्धांजलि दी है.

इसी क्रम में RBI गवर्नर शक्तिकांत दास भी अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की है तो वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी उनको श्रद्धांजलि अर्पित की है. इसी दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने रतन टाटा के साथ अपनी यादें ताजा की है. इस दौरान वह भावुक दिखाई दे रहे हैं. आज शाम 4 बजे के बाद वर्ली घाट पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

एक बार वह घर पर नाश्ते के लिए आए थे

मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि “…मुझे याद है कि जब वे एक बार मुंबई में नाश्ते के लिए घर आए थे, तो हमने केवल एक साधारण इडली, सांभर, डोसा परोसा था… लेकिन उन्होंने बहुत सराहना की। उनके पास दुनिया के सबसे बेहतरीन रसोइये होंगे लेकिन उन्होंने उस साधारण नाश्ते की बहुत सराहना की। वे नाश्ता परोसने वाले के प्रति बहुत दयालु थे और जब वे घर से जा रहे थे, तो उन्होंने बहुत ही खूबसूरत दो घंटे बिताने के बाद मेरी पत्नी से बहुत प्यार से पूछा – क्या आप मेरे साथ एक तस्वीर लेना चाहेंगी? हम वास्तव में ऐसा करना चाहते थे, लेकिन पूछने में शर्म आ रही थी। उन्होंने हमें यह पेशकश की और यही छोटे-छोटे विचारशील चीज़ें हैं जो उस व्यक्ति को रतन टाटा बनाती हैं जिन्हें 140 करोड़ भारतीय और पूरी दुनिया प्यार करती है।”

कोविड के दौरान दिया था इतने करोड़ का दान

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के निधन पर न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए बयान में कहा, “रतन टाटा बहुत संवेदनशील व्यक्ति थे। उन्होंने टाटा समूह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया और भारत को भी गौरव दिलाया। उनका व्यक्तित्व परोपकारी था। वह हर अच्छे काम के लिए हमेशा तैयार रहते थे… जब देश कोविड महामारी से जूझ रहा था, तब रतन टाटा ने बिना किसी हिचकिचाहट और बिना किसी शर्त के 1500 करोड़ रुपये दान करने का संकल्प लिया… इससे हमें कोविड के खिलाफ लड़ने में मदद मिली। मेरा मानना ​​है कि वह एक ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने न केवल व्यापार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया, बल्कि टाटा समूह को इस बात का जीवंत उदाहरण बनाया कि कैसे एक उद्योग ईमानदार व्यवस्थाओं के साथ बड़ा बन सकता है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर जा सकता है।”

रतन टाटा के करीबी सुहेल सेठ ने कही ये बात

दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा के करीबी सहयोगी सुहेल सेठ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वह रतन टाटा के निधन पर उनकी यादें ताजा करते हुए भावुक नजर आ रहे हैं. उनकी आंखों में गम के आंसू भी हैं. वह कहते हैं कि “मैंने अपने माता-पिता के बाद आज अपना तीसरा अभिभावक खोया है… उन्होंने मुझे बहुत स्नेह दिया जबकि मैं कुछ भी नहीं हूं जबकि उनके पास पूरी दुनिया थी… जब बॉम्बे हाउस रेनोवेट हुआ तब रतन टाटा ने आग्रह किया कि एक एरिया सिर्फ कुत्तों के लिए होगा, यह इंसानियत है। इंसानियत वह नहीं है कि आप सिर्फ अपने लोगों में अच्छे रहे… 2022 में एयर इंडिया जब वापस आया तब उन्हें बहुत खुशी हुई थी…”

भारत रत्न की मांग

बता दें कि रतन टाटा को भारत रत्न दिए जाने की मांग की जा रही है. सोशल मीडिया पर #भारतरत्न वायरल हो रहा है तो वहीं सुहेल सेठ न्यूज एजेंसी एएनआई को बयान देते हुए कहा, “मैंने आज ट्वीट किया है कि देश और दुनिया में उनसे ज्यादा भारत रत्न का हकदार कोई और नहीं है। मैंने प्रधानमंत्री मोदी को भी टैग किया है।”

ये भी पढ़ें-Ratan Tata Death: रतन टाटा के निधन से टूट गईं Ex गर्लफ्रेंड अभिनेत्री सिमी गरेवाल…रुला देने वाली पोस्ट की शेयर-Video