Ratan Tata: क्या यही है रतन टाटा का आखिरी Video? जानें इस दावे में हैं कितनी सच्चाई?

October 11, 2024 by No Comments

Share News

Ratan Tata: देश के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा का कल अंतिम संस्कार किया गया. 9 अक्टूबर की रात को इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था. इसी के बाद से पूरे देश दुखी है तो वहीं उनके जीवन से सम्बंधित कई वीडियो और खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इसी दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया है, जिसे रतन टाटा का आखिरी वीडियो बताया जा रहा है. हालांकि इस वीडियो को लेकर सच्चाई कुछ और ही है.

सोशल मीडिया पर वायरल ये वीडियो एक्स के साथ ही फेसबुक पर भी शेयर किया गया है और कैप्शन में रतन टाटा का इसे आखिरी वीडियो बताया गया है. इस वीडियो में रतन टाटा वॉकर का सहारा लेकर चलते हुए दिखाई दे रहे हैं. वह एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं.

जानें क्या है सच्चाई?

दरअसल फैक्ट चेक की बात करें तो ये वीडियो 21 जून 2024 का है और वह गोवा एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे हैं. यानी ये वीडियो ताजा नहीं है. ये वीडियो 21 जून का कैसे है, इसका सच भी वीडियो के अंदर ही दिखाई दे रहा है. दरअसल वीडियो को ध्यान से देखने पर फ्लाइट के एराइवल और डिपार्चर की जानकारी देने वाला बोर्ड दिखाई दे रहा है जिसमें 21 जून 2024 की डेट लिखी दिखाई दे रही है.

वीडियो पर लिखा है पल्लव पालीवाल

बता दें कि इस वायरल वीडियो पर पल्लव पालीवाल भी लिखा हुआ है. इसके बारे में जब अधिक जानकारी एकत्र की गई तो इंस्टाग्राम पर पल्लव पालीवाल के नाम से अकाउंट मिला जो कि एक सेलिब्रिटी फोटो पत्रकार हैं. कुछ और जानकारी एकत्र करने पर मालूम हुआ कि ये वीडियो इस अकाउंट से 10 अक्टूबर को शेयर किया गया है और इसके कैप्शन में लिखा गया है कि “ये आखिरी मौका था जब हमें रतन टाटा दिखे थे.” तो वहीं पल्लव ने एक मीडिया संस्थान से बात करते हुए ये बात कही है कि ये वीडियो 21 जून 2024 के गोवा एयरपोर्ट का है.

2 अक्टूबर को भी सामने आया एक वीडियो

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रतन टाटा के निधन से पहले यानी 2 अक्टूबर को भी उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने 2 अक्टूबर 2024 को रतन टाटा का एक वीडियो अपने आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर शेयर किया था. इस वीडियो में रतन टाटा स्वच्छ भारत के 10 साल पूरे होने के उपल्क्ष्य में पीएम मोदी को बधाई देते हुए नजर आ रहे हैं. इस पर सवाल उठ रहा है कि क्या ये वीडियो रतन टाटा का आखिरी वीडियो है. हालांकि कई मीडिया रिपोर्ट्स ने भी इसी वीडियो को रतन टाटा का आखिरी वीडियो बताया है. ऐसे में खबर स्टिंग इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है.

तो वहीं सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उनकी आखिरी पोस्ट 7 अक्टूबर की है. इस दिन वह अस्पताल में अपना चेकअप कराने के लिए गए थे और तभी सोशल मीडिया पर उनकी हालत गम्भीर होने की खबरें वायरल होने लगी थी. इस पर रतन टाटा ने खुद ही इसका खंडन करते हुए खुद को स्वस्थ्य बताया था और रूटीन चेकअप की बात कही थी लेकिन 9 अक्टूबर को उनकी हालत बिगड़ गई और फिर इलाज के दौरान रात करीब 11 बजे उनका निधन हो गया.
ये भी पढ़ें-Ratan Tata: रतन टाटा के उत्तराधिकारी की तलाश पूरी…टाटा ट्रस्ट की कमान अब नोएल टाटा के हाथ में; होंगे नए चेयरमैन, जानें उनके बारे में सब कुछ