Ayodhya Ram Mandir: रोक दी गईं अयोध्या जाने वाली रोडवेज बसें… मुख्य पुजारी ने कहा दो दिन नहीं होंगे दर्शन, जानें क्या है पूरा मामला, वीडियो में देखें पहले ही दिन लाखों राम भक्तों का उमड़ा सैलाब
Ayodhya Ram Mandir: 22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद से ही अयोध्या में दर्शन के लिए लाखों की भीड़ उमड़ पड़ी है. तो वहीं देश भर से भक्तों के जाने का तांता लगा हुआ है. भीड़ को कंट्रोल करने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है. तो दूसरी ओर भीड़ को देखते हुए अयोध्या जाने वाली यूपी रोडवेज की सभी बसें रोक दी गई हैं। इसको लेकर परिवहन निगम के महाप्रबंधक ऑपरेशन मनोज पुंडीर ने बताया कि अयोध्या जाने वाली सभी मार्ग कि बसों का संचालन बंद किया गया है। भीड़ कम होने पर इसकी समीक्षा की जाएगी। तो दूसरी ओर राम मंदिर के मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास का बयान भी सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि, दो दिन रामलला के दर्शन श्रद्धालु नहीं कर पाएंगे.
बता दें कि, अयोध्या में मंदिर की ओर जाने वाले सभी रास्तों को चार से पांच किलोमीटर पहले ही बंद कर दिया गया है। सिर्फ पैदल यात्रियों को ही लाइन से पैदल जाने की अनुमति दी जा रही है। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यह फैसला लिया है। तो वहीं मंगलवार को पहली झलक पाने के लिए सुबह से भारी संख्या में लोग मंदिर के बाहर जमा हो गए थे। जिससे प्रशासन के सामने अव्यवस्था के हालात पैदा हो गए थे। परिवहन निगम के महाप्रबंधक ऑपरेशन मनोज पुंडीर ने बताया कि अयोध्या जाने वाली सभी मार्ग कि बसों का संचालन बंद किया गया है।
दो घंटे अयोध्या की सेवाएं नियंत्रित रखने का दिया गया निर्देश
तो दूसरी ओर लखनऊ जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि अभी कोई भी यात्री अयोध्या न भेजे जाएं। बढ़ती हुई भीड़ को नियंत्रण करने में समस्या हो रही है। इसके बजाय यहां से लोगों को अन्यत्र भेजने की व्यवस्था की जाएं। कृपया दो घंटे के लिए अयोध्या की सेवाएं स्थगित रखें। अयोध्या से आगे के यात्रियों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं है। सभी क्षेत्र अनुपालन सुनिश्चित करें। तो इसी के साथ ही बाराबंकी के जिलाधिकारी ने मीडिया को निर्देशित किया है कि परिवहन निगम की कोई भी बस अभी अयोध्या नहीं जा सकेगी क्योंकि अयोध्या में बढ़ती हुई भीड़ का नियंत्रण करने में समस्या हो रही है। लखनऊ से गोरखपुर मार्ग पर जाने वाली बसें रामनगर- गोंडा होते हुए संचालित कराई जाएं।
ये बात कही है मुख्य पुजारी ने
दूसरी ओर मुख्य पुजारी सत्येंद्र दास का बयान सामने आ रहा है, जिसमें उन्होंने कहा कि “अयोध्या इस समय त्रेतायुग जैसी लग रही है. प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद गर्भगृह एक दिव्य रूप में दिखाई पड़ रहा है. ऐसा लगता है कि जब त्रेतायुग में भगवान राम विराजमान हुए थे, जिस तरह की उस समय व्यवस्था थी, वो बहुत आनंदित करने वाला था. त्रेतायुग की झलक इस समय भी देखने को मिल रही है. अयोध्या में भक्तों का समूह उमड़ पड़ा है. जय श्री राम के लग रहे नारे त्रेतायुग की अयोध्या की याद दिला रहे हैं, जितने लोग पहले दिन दर्शन की चाह लिए हुए हैं, सभी लोग आज दर्शन नहीं कर पाएंगे. कल भी, दो-चार दिन ऐसा ही चलेगा, क्योंकि भारी भीड़ है. मंदिर विलक्षण है, अयोध्या राममय हो गई है. मालूम हो कि अयोध्या में सुबह से ही बिहार, छत्तीसगढ़, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, कर्नाटक, दिल्ली, उत्तराखंड सहित कई राज्यों के भक्त पैदल ही मंदिर की ओर जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.