तालिबानी जबान बोलने लगे समाजवादी पार्टी के सांसद, दी बधाई, उपमुख्यमंत्री ने की आलोचना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के संभल से समाजवादी पार्टी के सांसद डॉ. शफीकुर रहमान बर्क ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए तालिबान का समर्थन किया और इसकी तुलना भारत के स्वतंत्रता संग्राम से किया। इसके बाद उनके खिलाफ मामला दर्ज करा दिया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल की शिकायत पर मंगलवार देर रात सदर थाने में सपा सांसद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
मिली जानकारी के मुताबिक सांसद के खिलाफ आरोपों में धारा 124 ए (देशद्रोह), 153 ए (समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 295 ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाना) शामिल हैं। बता दें कि संभल के सांसद बर्क ने 16 अगस्त को एक बयान जारी कर तालिबान द्वारा अफगानिस्तान पर कब्जा करने और देश पर उनके हमले की तुलना भारत के स्वतंत्रता संग्राम से की थी।
उन्होंने कहा था कि तालिबान अपने देश की आजादी के लिए लड़ रहा है और यह अफगानिस्तान का आंतरिक मामला है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जब भारत ब्रिटिश शासन के अधीन था। हमारे देश के लोगों ने आजादी के लिए लड़ाई लड़ी थी। ठीक उसी तरह तालिबान भी अपने देश को मुक्त करा कर चलाना चाहता है। इसी के साथ उन्होंने तालिबान की तारीफ करते हुए कहा कि तालिबान एक ऐसी ताकत है जिसने रूस और अमेरिका जैसे मजबूत देशों को भी अपने देश में बसने की इजाजत नहीं दी। बर्क के इस बयान के बाद पूरे भारत में आलोचना हो रही है। भाजपा प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने खान पर जुबानी प्रहार करते हुए कहा कि उनका यह बयान पीस पार्टी के रुख को दर्शाता है। हम इसकी कड़ी निंदा करते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने की आलोचना
समाजवादी पार्टी के सांसद के इस बयान के बाद पूरे भारत में आलोचना हो रही है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने भी बर्क की आलोचना करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान और सपा के नेताओं के बीच कोई अंतर नहीं रह गया है। समाजवादी पार्टी कुछ भी कह सकती है और कर सकती है। अगर तालिबान पर सपा की ओर से ऐसा बयान आया है, तो समझो कि इमरान खान और सपा के नेताओं के बीच कोई अंतर नहीं रह गया। इससे पहले पीस पार्टी के प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी तालिबान को अफगानिस्तान में कब्जा करने पर बधाई दी थी।