Shakuntala University: ब्लाइंड क्रिकेट में शकुंतला विवि ने लहराया परचम… 3-0 से सीरीज जीतकर लौटी टीम

April 16, 2026 by No Comments

Share News

Shakuntala University: वाराणसी में आयोजित दिव्य दृष्टि ट्रॉफी अंतर विश्वविद्यालयी ब्लाइंड क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए डॉ. शकुन्तला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय (Shakuntala University) लखनऊ की टीम ने 3-0 से सीरीज जीतकर खिताब अपने नाम किया। इसी के साथ ही लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय पैरा टेबल टेनिस में विवि के विवेक सिंह ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया था। विवि के शिक्षा शास्त्र विभाग में गेस्ट फैकल्टी विवेक सिंह भारत के पहले पिकल बाल पैरा खिलाड़ी हैं। जीत के बाद खिलाड़ी लखनऊ लौटे, खिलाड़ियों ने कुलपति आचार्य संजय सिंह से शिष्टाचार भेंट की।

कुलपति ने सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके जज़्बे और प्रदर्शन की सराहना की। यह टूर्नामेंट ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के एमपी थियेटर में आयोजित किया गया था।

विश्वविद्यालय का बढ़ाया मान

शकुन्तला विवि के प्रवक्ता प्रो. यशवंत वीरोदय ने कहा कि टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-0 से सीरीज अपने नाम की और विश्वविद्यालय का मान बढ़ाया। कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय लगातार समावेशी शिक्षा और नवाचार के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रहा है। जहां एक ओर दिव्यांग छात्र खेल के मैदान में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तकनीकी क्षेत्र में भी विद्यार्थी उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं।

winner

हाल ही में बीटेक छात्र अमन कुमार वर्मा को रक्षा क्षेत्र में विकसित ‘रक्षक’ रोबोट के लिए ग्रांट प्राप्त हुआ है, यह विश्वविद्यालय में शोध और नवाचार की मजबूत संस्कृति की एक झलक है। यह उपलब्धियां इस बात का प्रमाण हैं कि विश्वविद्यालय में दिव्यांग और सामान्य विद्यार्थी एक साथ आगे बढ़ते हुए शिक्षा, खेल और तकनीक के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। इस दौरान कुलाचिव रोहित सिंह, कुलानुशासक प्रो सीके दीक्षित, डिप्टी रजिस्ट्रार अनिल मिश्रा, विवि के खेल निदेशक प्रो पी राजीवनयन समेत कई अधिकारी, शिक्षक व खिलाड़ी मौजूद रहे।

विश्वविद्यालय के लिए गौरव है

कुलपति आचार्य संजय सिंह ने कहा कि “हमारे विद्यार्थियों ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर कोई भी बाधा सफलता के रास्ते में रुकावट नहीं बन सकती। विवेक सिंह और ब्लाइंड क्रिकेट टीम की यह जीत पूरे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का क्षण है। साथ ही, हमारे छात्र तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं, जो भविष्य के लिए बहुत प्रेरणादायक है।”

ये भी पढ़ें-Parshuram Jayanti: आस्ट्रेलिया के मंदिर में स्थापित होगी ब्राह्मणों के भगवान परशुराम जी की मूर्ति…-Video

Satuvai Amavasya: सतुवाई अमावस्या कल…जानें क्या है सत्तु का धार्मिक और वैज्ञानिक महत्व; दान करें ये वस्तुएं