मिड डे मील में गिर गई छिपकली…खाना खाते ही बीमार पड़े 43 बच्चे; मचा हड़कंप-Video
Tamil Nadu Coimbatore Mid Day Meal News: तमिलनाडु के कोयंबटूर जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है और इसी के साथ ही एक बार फिर से सरकारी स्कूलों के कार्यों पर सवाल खड़े हो रहे हैं. दरअसल यहां के एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील खाने के बाद फूड पॉइजनिंग का मामला सामने आने के बाद पूरे स्कूल में हड़कंप मच गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भोजन करने के तुरंत बाद ही करीब 43 छात्र-छात्राएं अचानक बीमार पड़ गए और उनको उल्टी व पेट दर्द के साथ ही घबराहट की शिकायत हो गई.
इसके बाद तुरंत सरकारी अस्पताल में बच्चों को भर्ती कराया गया. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें इलाज करते डाक्टरों को दिखाया गया है तो वहीं अस्पताल के बाहर खड़े परिजन चिंतित दिखाई दे रहे हैं. जानकारी सामने आ रही है कि बीमार होने वाले छात्रों में 30 लड़के और 13 लड़कियां शामिल हैं.
इस मामले में कोयंबटूर सिटी म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (CCMC) के कमिश्नर एम शिवगुरु प्रभाकरन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि स्कूल में बच्चों को जो खाना परोसा गया था उसमें छिपकली गिर गई थी और इसके बारे में किसी को पता नहीं चल सका. इसी वजह से खाना दूषित हो गया और इसे खाते ही बच्चे बीमार पड़ गए.
ताजा खबर सामने आ रही है कि अस्पताल में भर्ती सभी बीमार छात्रों का इलाज जारी है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम सभी बच्चो की निगरानी कर रही है. इस दौरान पांच डॉक्टरों की टीम को बच्चों पर लगातार नजर बनाए रखने के लिए रखा गया है. अधिकारियों के कहना है कि जब तक बच्चे पूरी तरह से स्वस्थ नहीं हो जाते तब तक उनकी निगरानी की जाएगी. हालांकि सभी छात्र खतरे से बाहर हैं और हालत स्थिर बताई जा रही है.
दूसरी ओर इस गम्भीर घटना को लेकर स्कूल प्रशासन के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्कूल के किचन के साथ ही भोजन तैयार करने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है और अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि विस्तृत जांच के बाद जिस किसी की भी लापरवाही सामने आती है, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि मिड डे मील में छिपकली या फिर कोई अन्य जीव-जंतु के गिरने की खबर कई बार सामने आ चुकी है. बावजूद इसके ये लापरवाही लगातार हो रही है. बड़ा सवाल ये है कि भोजन को लगातार ढक कर क्यों नहीं रखा जाता है और क्यों नहीं किचन व स्कूल में इतनी साफ-सफाई रखी जाती कि इस तरह के जीव-जंतु न आ सकें.
कोयंबटूर के सरकारी स्कूल में ख़राब खाने की वजह से एक साथ 43 बच्चों को असपताल में भर्ती कराया गया।
पूरे देश में सरकारी स्कूलों का यही हाल है
क्या साउथ क्या नार्थ!!
pic.twitter.com/8yYN3lQdUM— खुरपेंच (@khurpenchh) March 10, 2026
ये भी पढ़ें-Big News: सरकारी स्कूल में मिड डे मील खाने के बाद बीमार पड़े 150 बच्चे, आक्रोशित परिजनों ने लगाए गम्भीर आरोप