UP:एक ब्राह्मण परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मांगी इच्छा मृत्यु, वायरल हुआ पत्र, 15 अगस्त को मुख्यमंत्री निवास पर जीवन लीला समाप्त करने की जताई इच्छा, जानें क्या है पूरा मामला, पढ़ें पत्र, वीडियो में देखें अपहरण के बाद किस हालत में छोड़ा युवक को
सोशल मीडिया पर एक पत्र वायरल हो रहा है, जिसमें एक ब्राह्मण परिवार ने सपरिवार इच्छा मृत्यु की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। यह पत्र 22 जुलाई 2022 का है। इस पत्र को राजकुमारी शर्मा पत्नी स्वर्गीय महेश चंद्र शर्मा द्वारा लिखा गया है, जो कि गांव बरौठा, थाना हरदुआगंज, जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश (UP) की निवासी है। उनकी एक पुत्री और दो बेटे हैं।

राजकुमारी शर्मा (55) के मुताबिक उनके पड़ोस में रहने वाले ओमवीर पुत्र होतीलाल ने हाल ही में उनके 21 वर्षीय बेटे निखिल शर्मा का 24 फरवरी 2022 को अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसे चार महीने, 6 दिन तक कैद में रखकर बुरी तरह मारा-पीटा, नशे की गोलियां खिलाई। 30 जून को उसे बुरी हालत में हाथ बांधकर मंजूरगढ़ी हाइवे के पास मरणासन्न अवस्था में फेंक दिया। इस दौरान कुछ लोगों की मदद से वह जैसे-तैसे घर तक पहुंचा।
जिस समय निखिल लोगों को मिला था, उस समय का उन लोगों ने वीडियो भी बनाया है, जो कि वायरल हो रहा है। राजकुमारी शर्मा ने बताया कि निखिल के बयान विवेचक और मजिस्ट्रेट के सामने होने के बावजूद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। राजकुमारी ने बताया कि दबंग आरोपी के परिवार ने उनका जीना मुहाल कर दिया है। घर से निकलना तक दूभर हो गया है। बेटी पर भी फब्तियां कसते हैं। जब स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन से न्याय नहीं मिल रहा है तो इसीलिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इच्छा मृत्यु की मांग की है। क्योंकि अब हम लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। हम लोग 14 अगस्त को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री के निवास पर पहुंच जाएंगे।
मामूली कहासुनी के बाद कर लिया था अपहरण
राजकुमारी शर्मा ने बताया कि ओमवीर जानवरों को सड़क पर ही बांधते हैं। जो कि गांव की मुख्य सड़क है। इसी पर भाई निखिल ने कहा कि जानवरों को किनारें बांधें ताकि किसी तरह की चोट न लग जाए, क्योंकि गाड़ियां आती-जाती हैं। इस पर ओमवीर और उसका परिवार लड़ाई पर उतारू हो गया और कहने लगा कि वह जानवर सड़क पर ही बाधेंगे। इसी कहासुनी के बाद ही निखिल का अपहरण कर लिया गया था।
देखें क्या कहा इंस्पेक्टर ने
इस पूरे मामले पर थाना हरदुआगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि जानवरों को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद ग्राम प्रधान सुभाष प्रजापति के बीच-बचाव के बाद मामले में दोनों पक्षों में समझौता हुआ था, लेकिन निखिल शर्मा 70 साल के बुजुर्ग के माफी मंगवाने की जिद पर अड़ा रहा। इसके बाद उसकी इस बात को भी मान लिया गया। सुभाष ने दूसरे दिन सुबह माफी मंगवाने की बात कही थी, लेकिन इससे पहले ही निखिल कहीं चला गया। चार महीने बाद मिला है। फिलहाल विवेचक कुछ दिनों के अवकाश पर गए हैं। जैसे ही आते हैं मामले में कार्यवाही की जाएगी। इस मामले में आरोपी पक्ष से एक युवक को जेल भी हो चुकी है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।