UP: नाखूनों में नशीला पाउडर भर कर लूट लिए 16 ई-रिक्शे, लखनऊ पुलिस ने जहरखुरान गिरोह के तीन बदमाशों को किया गिरफ्तार, जानें चाय और जूस में किस तरह मिलाते थे नशीला पाउडर और कैसे बनाते थे चालकों को शिकार

August 20, 2022 by No Comments

Share News

लखनऊ। नाखूनों में जहरीला पाउडर भरकर 16 ई-रिक्सा लूटने वाले जहरखुरान गिरोह के तीन बदमाशों को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसी के साथ पुलिस ने तीनों की निशानदेही पर 11 ई-रिक्शा और पांच ई-रिक्शा के कटे हुए पार्ट्स, एक बाइक और रुपये भी बरामद किए गए हैं।

जानें कैसे बनाते थे ई-रिक्शा चालक को शिकार
पुलिस के मुताबिक गिरोह के लोग अपने नाखूनों में नशीला पाउडर भरते थे। इसके बाद ई-रिक्शा बुक कराते और रास्ते में चालक से दोस्ती गांठकर उसे चाय अथवा जूस पिलाते थे। इससे पहले जूस और चाय में बड़ी होशियारी के साथ जहरीला पाउडर मिलाते थे। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि नाखूनों में भरकर नशीला पदार्थ चाय या जूस में डूबो देते थे, जिसे पीने के कुछ देर बाद ही चालक अर्ध मुर्क्षित हो जाता था। इसके बाद ई-रिक्शा, मोबाइल और नकदी लूट कर फरार हो जाते थे। इस पूरे मामले को लेकर डीसीपी दक्षिणी राहुल राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में हरदोई अतरौली के भरावन पिपरगांव का रहने वाला राजू राजपूत, ठाकुरगंज साईन नगर का मो. आरिफ और सरफराजगंज का साजिद अली है।

गिरोह का सरगना इस तरह बनाता था नशीला पाउडर
एसीपी काकोरी आशुतोष कुमार ने बताया कि गिरोह का सरगना राजू है, जो कि नशीली गोलियां खरीदकर उसे पीस लेता था। इसके बाद पाउडर को अपने और साथी साजिद के नाखून में भर देता था। दोनों सूनसान रास्ते पर जैसे दुबग्गा से आइआइएम रोड, हरदोई रोड और मोहान रोड पर खड़े होकर ई-रिक्शा बुक करते थे। रास्ते में चालक से दोस्ती गांठकर किसी दुकान पर रोकते चाय, गन्ने का जूस आर्डर करते। फिर चालक को देने से पहले ग्लास में बड़ी होशियारी के साथ नाखून डुबो देते थे। नशीली चाय और जूस पीने के कुछ देर बाद चालक अचेत होने लगता। इसके बाद ई-रिक्शा लूटकर भाग जाते थे।

इस तरह बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे
इंस्पेक्टर दुबग्गा ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर राजू और साजिद को जागर्स पार्क के पास से पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ में राजू के बारे में जानकारी हुई। दोनों ने दो महीने पहले ही जागर्स पार्क के पास एक ईरिक्शा बुक कराया था। इसके बाद अपने तरीके से जहरखुरानी कर यहां भी मोबाइल और ई-रिक्शा लूट लिया था। सर्विलांस की मदद से दोनों की लोकेशन ट्रेस हुई थी। लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। जबकि ई-रिक्शा बेचकर उसके रुपये बांट लिए थे। दोनों ने बाकी के 10 ई-रिक्शे आरिफ के घर पर छुपा रखे थे। छापेमारी कर वहां से 10 ई-रिक्शा और पांच के पार्ट्स बरामद किए गए हैं।