Lucknow News: अवध कॉलिजिएट की शिक्षिका ने कक्षा पांच की छात्रा को पीटा बेरहमी से, गाल पर बने लाल-लाल निशान, परिजनों का आरोप स्कूल के रसूख के चलते पुलिस ने मामूली धाराओं में दर्ज की है शिकायत, देखें वीडियो
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णा नगर कोतवाली इलाके में संचालित अवध कॉलिजिएट की एक महिला क्लास टीचर ने होमवर्क पूरा न करने पर कक्षा पांच की छात्रा को इतनी बेरहमी से पीटा की उसके गाल पर लाल रंग के निशान बन गए। डरी-सहमी छात्रा को देखकर आक्रोशित परिजनों ने टीचर के खिलाफ स्थानीय थाना कृष्णा नगर में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। इस पर पुलिस ने आरोपित टीचर के खिलाफ एनसीआर में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूरे मामले को लेकर कृष्णा नगर कोतवाली प्रभारी आलोक राय ने बताया कि पेशे से व्यापारी एलडीए कॉलोनी सेक्टर ई में रहने वाले तरुण लालवानी की नौ वर्षीय पुत्री तनीषा लालवानी अवध कॉलिजिएट में कक्षा पांच की छात्रा है। परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की क्लास टीचर दिव्या सिंह ने होमवर्क पूरा न होने पर उसे बेरहमी से पीट दिया। इसकी वजह से बेटी डरी-सहमी है और वह कुछ बोल नहीं रही है। फिलहाल परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है।
वहीं परिजनों का आरोप है कि बेटी की हालत देख कर पहले टीचर के खिलाफ स्कूल प्रिंसिपल से शिकायत की थी लेकिन स्कूल प्रशासन द्वारा टीचर के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की गई, इसी वजह से स्थानीय थाना कृष्णा नगर पहुँच कर आरोपित टीचर के खिलाफ नामजद लिखित शिकायत कर दी, लेकिन स्कूल से रसूख के कारण स्थानीय पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले को रफा-दफा करना चाहा है। इसी के साथ परिजनों ने ये भी कहा है कि अगर स्थानीय पुलिस टीचर पर कार्यवाही नहीं करती है तो उच्च अधिकारियो से इसकी शिकायत की जाएगी।
बता दें कि इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें छात्रा की मां कहते हुए सुनाई दे रही हैं कि वह बहुत रो रही थी।
यहां देखें वीडियो