UP:कांग्रेस नेता राज बब्बर को 2 साल की हुई जेल, 26 साल पुराने मामले में सुनाई गई है सजा, जानें क्या था मामला, देखें 6 घंटे पहले उन्होंने क्या किया था ट्वीट
बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता व कांग्रेस नेता राज बब्बर (Raj Babbar) को 26 साल पुराने एक मामले में दो साल की सजा सुनाई गई है। इसके साथ ही राज बब्बर पर 8500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है। बब्बर को सजा लखनऊ के एमपी/एमएलए कोर्ट ने सुनाई है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके राज बब्बर का कहना है कि वह इस फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील करेंगे। बता दें कि 6 घंटे पहले राज बब्बर ने देश में बढ़े एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में हुई वृद्धि का विरोध किया है और इस सम्बंध में एक ट्वीट भी वायरल किया है।
जानें क्या था मामला
बता दें कि राज बब्बर को जिस मामले में सजा सुनाई गई है वह1996 का है। साल 1996 में मतदान अधिकारी श्रीकृष्ण राणा ने राज बब्बर (जब समाजवादी पार्टी में थे) सहित कई लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस रिपोर्ट में कहा गया था कि राज बब्बर ने अपने समर्थकों के साथ मतदान स्थल में घुसकर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित किया है। इसके साथ ही उन्होंने मतदान स्थल पर मौजूद लोगों के साथ मारपीट की भी की है। इस घटना में कई लोगों को चोट आईं थी। केस की विवेचना के बाद राज बब्बर और बाकी लोगों के खिलाफ धारा 143, 332, 353, 323, 504, 188 के तहत अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया था। इसी मामले पर गुरुवार को अदालत ने फैसला सुनाया है।
देखें क्या है राज बब्बर का राजनीतिक करियर
गौरतलब है कि राज बब्बर ने 1989 में अपने राजनीति करियर की शुरआत की थी। वह वीपी सिंह के नेतृत्व में जनता दल में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया था। इसके बाद वह कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए थे। राज बब्बर तीन बार लोकसभा सासंद रह चुके हैं।
देखें राज बब्बर का कैसा था फिल्मी करियर
अगर राज बब्बर के फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1977 में अपना डेब्यू किया था। वह पिछली बार साल 2016 में फिल्म ‘फोर्स 2’ में नजर आए थे। राज बब्बर ने फिल्मों के अलावा टीवी में भी काम किया है। (फोटो राज बब्बर के ट्विटर अकाउंट से ली गई है)