UP News: चैत्र नवरात्र के मौके पर बाबा विश्वनाथ के भक्तों को पीएम नरेंद्र मोदी का बड़ा तोहफा, देश की पहली पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोप-वे की रखेंगे आधारशिला, स्टेशन से सीधा पहुंचेंगे मंदिर

March 22, 2023 by No Comments

Share News

UP News: चैत्र नवरात्र में बाबा काशी विश्वनाथ के भक्तों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रोप-वे की सौगात देने जा रहे हैं. 24 मार्च को वह अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में देश की पहली पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोपवे परियोजना की आधारशिला रखेंगे. इसी के साथ कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया के बीच रोपवे का काम शुरू हो जाएगा. मीडिया सूत्रों के मुताबिक यह परियोजना 644.49 करोड़ रुपये की है. रोपवे कैंट रेलवे स्टेशन (वाराणसी जंक्शन) से गोदौलिया चौराहे तक चलेगा. इससे देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को तो सुविधा मिलेगी ही,साथ ही स्थानीय लोगों को भी जाम से राहत मिल सकेगी.

आसान हो जाएगी बाबा के दरबार तक की डगर
मीडिया सूत्रों की मानें तो रोप-वे बनने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर, दशाश्वमेध घाट जाना आसान हो जाएगा. वाराणसी में नेशनल हाईवे, रिंग रोड, फ्लाईओवर, आरओबी के बाद अब भीड़-भाड़ वाले इलाके में पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोप-वे चलने से वाराणसी में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को राहत मिलेगी. अर्थात इस रोपवे के बनने के बाद काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, उनके पास ऑटो, टेम्पो और रिक्शा के अलावा एक और विकल्प मौजूद रहेगा. श्रद्धालु स्टेशन से उतरकर सीधा मंदिर के करीब तक जा सकेंगे.

पहले चरण में इतना होगा काम
वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अभिषेक गोयल ने मीडिया को जानकारी दी कि देश का पहला पब्लिक ट्रांसपोर्ट रोप-वे पहले चरण में वाराणसी कैंट से गोदौलिया के बीच चलाया जाएगा. काशी के पुराने इलाकों की सड़के सकरी होने और ट्रैफिक का दबाव निरंतर बढ़ने से अक्सर यहां जाम की स्थिति बनी रहती है. सबसे ज्यादा पर्यटक परेशान होते हैं. इस रोपवे के बाद उनको जाम से निजात मिल सकेगी.

10 पैसेंजर हो सकेंगे सवार
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने मीडिया को जानकारी दी कि एक ट्रॉली में कम से कम 10 पैसेंजर सवार हो सकेंगे. हर डेढ़ से दो मिनट के अंतराल पर यात्रियों के लिए ट्रॉली उपलब्ध रहेगी. एक दिशा में एक घंटे में 3000 लोग यात्रा कर सकेंगे. अर्थात 6000 लोग दोनों दिशा से एक घंटे में आ जा सकेंगे. रोप वे का संचालन 16 घंटे होगा. रोप-वे 2 साल के अंदर बनकर तैयार हो जाएगा. उन्होंने बताया की भूमि अधिग्रहण, तार व पाइप शिफ्टिंग का काम तेजी से चल रहा है. इसी के साथ रोप-वे के लिए बनने वाले सभी स्टेशन पर काशी की कला, धर्म और संस्कृति की झलक लोगों को देखने को मिलेगी.

बनेंगे कुल 5 स्टेशन
प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने मीडिया को जानकारी दी कि वाराणसी कैंट स्टेशन से गोदौलिया चौराहे तक कुल 5 स्टेशन होंगे, जिनमें कैंट रेलवे स्टेशन, काशी विद्यापीठ, रथयात्रा, गिरजाघर और गोदौलिया चौराहे पर स्टेशन बनाया जाएगा. रोपवे की कुल दूरी 3.8 किलोमीटर होगी, जो करीब 16 मिनट में तय होगी. करीब 50 मीटर की ऊंचाई से करीब 150 ट्रॉली कार चलेगी.

बोलीविया के लापाज और मेक्सिको के बाद भारत होगा तीसरा देश
मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनुराग त्रिपाठी ने मीडिया को जानकारी दी कि बोलीविया के लापाज और मेक्सिको के बाद भारत विश्व में तीसरा देश और वाराणसी पहला शहर होगा, जहां पब्लिक ट्रांसपोर्ट के लिए रोप-वे का इस्तेमाल किया जाएगा. उन्होंने बताया कि ये पायलट प्रोजेक्ट है और इसका निर्माण स्विट्जरलैंड की कंपनी बथोर्लेट और नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड (एनएचएलपीएल) मिलकर करेंगी. (फोटो-सोशल मीडिया)