UP News: संकुल जाते वक्त शिक्षक का अपहरण, फिरौती लेकर फेंका झाड़ियों में, आरोपी गिरफ्तार
UP News: उत्तर प्रदेश के इटावा (Etawah) जिले से सनसनी खेज मामला सामने आ रहा है. यहां थाना जसवंतनगर क्षेत्र के अंतर्गत छिमारा रोड से अपने स्कूल से मीटिंग के लिए संकुल जाते समय शिक्षक का अपहरण करने व उनकी पत्नी से फिरौती के नाम पर पचास हजार रूपया वसूलने के मामले के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. तलाशी में उसके पास से एक तमंचा कारतूस अपहरण में प्रयोग होनी वाली ईको कार के अलावा वसूले गए रूपयों में से दस हजार दो सौ रूपया भी बरामद किए गए है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया।
इस पूरी घटना को लेकर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के गांव निलोई निवासी अवनीश कुमार मधुर पुत्र राम उतरई में प्रधानाचार्य के पद पर तैनात है। 22 अगस्त को वह अपनी बाइक से संकुल में आयोजित मीटिंग में भाग लेने के लिए जा रहे थे तभी रास्ते में ईको कार व बाइक सवार लोगों ने उनका अपहरण कर लिया और कार में डाल ले गए। बाद में अपहरण करने वालों ने उनके घर जाकर अपहरण की सूचना दी और उनकी पत्नी से पचास हजार रूपया फिरौती के रूप में वसूल कर लिए। उसके बाद अपहरण कर्ता उन्हें झाडियों में फेंककर फरार हो गए। बाद में उन्होने अपने साथ हुई घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने अपहरण व वसूली की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.