Noida:महिला को गाली देने वाले भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी के गुंडे पहुंचे ओमेक्स सिटी, पूछ रहे हैं महिलाओं का पता, वायरल हुआ वीडियो, निवासियों ने की पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी, देखें पूरा मामला

August 7, 2022 by No Comments

Share News

नोएडा। नोएडा की ओमैक्स सिटी में रविवार एक बार फिर हंगामा देखने को मिला। देर शाम महिलाओं को गाली देने वाले व खुद को भाजपा का नेता बताने वाले श्रीकांत त्यागी के भेजे गुंडे विरोध करने वाली महिलाओं का पता पूछते हुए ओमेक्स सिटी पहुंचे। इसके बाद यहां के निवासियों ने जमकर हंगामा किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा, गुंडागर्दी नहीं चलेगी। अभी तक त्यागी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है पुलिस। इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो शेयर करने वाले ट्विटर यूजर ने लिखा है कि, #Noida में ये क्या हो रहा है @myogiadityanath जी ? #ShrikantTyagi तो अब तक नहीं पकड़ा गया है। लेकिन उसके गुंडे नोएडा के #GrandOmaxe में पहुँच कर शिकायत करने वाली महिला का पता पूछ रहे हैं। सोसायटी के लोग पुलिस से बहुत नाराज़ है। वीडियो #Omaxe के निवासी ने अभी भेजा। @noidapolice के लिए इससे शर्मनाक क्या होगा कि #OmaxeGrand के लोग पुलिस के खिलाफ नारेबाज़ी कर रहे हैं। नोएडा के निकम्मी पुलिस पर कार्रवाई कीजिए।

बता दें कि दो दिन पहले ही नोएडा के ओमेक्स सिटी से एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें खुलेआम श्रीकांत त्यागी एक महिला के सामने ही उसके पति को गाली देता हुआ दिखाई दे रहा था। इसका वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा की जमकर भद्द पिटी थी। इसके बाद सांसद महेश शर्मा ने शनिवार को दावा किया था कि 48 घंटे में त्यागी को गिरफ्तार किया जाएगा। हालांकि त्यागी को तो पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है, लेकिन उसकी चार-पांच कारें जरूर जब्त कर ली है। इसी के साथ पूछताछ के लिए कल घर वालों को हिरासत में लिया था।

वहीं रविवार को हुई इस घटना ने मामले को और गम्भीर बना दिया है। यहां के लोगों का कहना है कि इस तरह से तो महिलाएं असुरक्षित हो गई हैं। वहीं सांसद महेश शर्मा ने पूरे मामले में लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है और कहा है कि मैं सीएम योगी से शिकायत करूंगा। सांसद ने मीडिया से बातचीत में कहा कि आज की घटना के लिए मैं शर्मिंदा हूं। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एक्शन हो, इसके लिए मैं सीएम योगी और गृह मंत्रालय से शिकायत करूंगा। जनता की इस लड़ाई में, मैं उनके साथ हूं।

वहीं सोसायटी के लोगों ने बताया कि श्रीकांत त्यागी ने करीब 15 गुंडे सोसायटी में भेजे थे, जो कि महिलाओं का पता पूछ रहे थे। पुलिस ने उन गुंडों को गिरफ्तार करने की जगह गुंडों को यहां से भागने में उनकी मदद की। आक्रोशित लोगों ने मौके पर मौजूद पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं पुलिस का कहना है कि जो लोग सोसायटी में घुसे थे, उनमें से छह को हिरासत में लिया गया है और बाकियों की तलाश की जा रही है। इसी के साथ पुलिस ने यह भी दावा किया कि त्यागी की तलाश के लिए तीन राज्यों की पुलिस दबिश दे रही है।

चेतावनी-इस वीडियो में गाली का इस्तेमाल किया गया है

बता दें कि महिला के साथ अभद्रता, गाली गलौज और धक्कामुक्की करने के बाद से ही विरोध शुरू होने पर त्यागी फरार चल रहा है। कथित भाजपा नेता श्रीकांत त्यागी पर और भी मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में दिल्ली, उत्तराखंड व यूपी में दबिश दे रही है। फेज-दो थाना पुलिस ने शुक्रवार रात पत्नी, चालक व मैनेजर सहित चार लोगों को हिरासत में लिया था।

इसी घटना के बाद खड़ा हुआ है विवाद (चेतावनीस इस वीडियो में गाली का इस्तेमाल किया गया है)

इनसे पूछताछ कर आरोपी का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, पुलिस ने आरोपी की चार मंहगी गाड़ियों को जब्त कर लिया था। एक कार पर यूपी शासन का फर्जी लोगो लगा होने से अलग से केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा पुलिस ने मामले में जानबूझकर चोट पहुंचाने (323), उकसाने के लिए अपमानित करने (504) और धमकी देने (506) आदि धाराएं जोड़ी हैं, जबकि अभद्रता और छेड़छाड़ का मामला पहले से ही दर्ज है।