UP Politics:”उत्तरी भारत का सबसे बड़ा माफिया डॉन बृजेश सिंह हमें पैसा देता है…”, ये क्या बोल गए भाजपा विधायक, देखें वायरल वीडियो
UP Politics: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के बरहज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक दीपक मिश्रा उर्फ शाका बाबा बोलते नजर आ रहे हैं कि, उत्तरी भारत का सबसे बड़ा माफिया डॉन बृजेश सिंह हमे पैसा देता है. इसी के साथ वह यह भी कह रहे हैं कि देवरिया के बड़े- बड़े उद्योगपति भी हमें पैसा देते हैं. चुनाव में मुझे 10 करोड़ रुपए मिले थे. इतना पैसा और वोट अभी तक किसी को नहीं मिला है. यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और सोशल मीडिया यूजर्स जमकर भाजपा की आलोचना कर रहे हैं.
बता दें कि दीपक मिश्रा शाका देवरिया जिले के बरहज विधानसभा से भाजपा के विधायक हैं और उनके पिता स्वर्गीय दुर्गा प्रसाद मिश्र भी इसी विधानसभा क्षेत्र से कई बार विधायक और प्रदेश में मंत्री रह चुके हैं. कहा जाता है कि, दुर्गा मिश्र की गिनती किसी जमाने में भाजपा के कद्दावर नेताओं में की जाती थी. भारतीय जनता पार्टी (BJP) की स्थापना के बाद दुर्गा मिश्र गोरखपुर मंडल में भाजपा के पहले विधायक चुने गए थे.
तो वहीं बीते विधानसभा चुनाव में दीपक मिश्र भाजपा के टिकट पर बरहज से विधायक चुने गए. फिलहाल इस वीडियो को लेकर दीपक मिश्रा शाका ने सफाई देते हुए बयान जारी किया है कि “मेरे बयान का गलत अर्थ निकाला जा रहा है. चुनाव के दौरान मुझे लोग कहते थे कि धनबलियों और बाहुबलियों से कैसे लड़ोगे. उन्ही बातों की चर्चा करते हुए मैंने कहा कि लोगों ने मुझे पैसा दिया और जनता ने मुझे वोट दिया. यहां की जनता का आशीर्वाद मेरे साथ है. मेरा चरित्र पाक साफ है. मेरे ऊपर अभी तक किसी तरह का कोई आरोप नहीं लगा है.” फिलहाल ये खबर वीडियो के आधार पर लिखी गई है. खबर स्टिंग इसकी पुष्टि नहीं करता है.
यहां देखें वीडियो