UP Politics: “फोटो खिंचाओ, भौकाल बनाओ, वोट लेकर आओ, बस यही काम सपा का है…”, समाजवादी पार्टी पर ओपी राजभर का हमला, देखें जातियों को लेकर क्या-क्या लगाए आरोप, देखें वीडियो
UP Politics: यूपी में जहां एक ओर लोकसभा चुनाव-2024 को लेकर राजनीतिक दलों में जुबानी जंग तेज हो गई है तो वहीं जबसे सपा छोड़कर एनडीए में शामिल हुए सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर लगातार अखिलेश और सपा पर निशाना साध रहे हैं. वहीं विधानसभा में मॉनसून सत्र भी शुरू हो गया है तो जहां सदन के भीतर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर हाथ मिलाते और एक-दूसरे से हंसते हुए नजर आ रहे हैं तो वहीं मीडिया से बात करते हुए राजभर ने सपा पर जमकर आरोप लगाए हैं और पिछड़ी जातियों व दलितों के साथ अन्याय करने का आरोप लगाया है.
न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए साक्षात्कार में राजभर ने सदन में सपा द्वारा मणिपुर पर चर्चा करने को लेकर बोले कि, “सरकार हर बिंदु पर चर्चा के लिए तैयार है. सरकार अगर पीछे हटे तो बताओ, लेकिन विपक्ष सोच रहा है कि चर्चा करेंगे तो फंस जाएंगे. अब तक जो किया है उसका खुलासा होने लगेगा. जो इन लोगों ने अति पिछड़ों, दलितों और मुसलमानों के साथ जो धोखा किया है, उसका खुलासा होने लगेगा. इस नाते ये पीछे चर्चा से पीछे भागते हैं. मणिपुर मुद्दा है, लेकिन लोकसभा के लिए चर्चा है, मणिपुर के लिए चर्चा है. ये राज्य के लिए नहीं है.”
किसानों की करनी चाहिए चर्चा
ओपी राजभर ने कहा कि, “हमें इस बात पर चर्चा करने की ज़रूरत है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को कैसे राहत प्रदान की जाए या किसानों को पानी की आपूर्ति करके फसल उगाने में कैसे मदद की जाए. समाजवादी पार्टी को किसानों, युवाओं और बेरोजगारों की कोई परवाह नहीं की है. इनका केवल मतलब है कि फोटो खिंचाओ, जनता के बीच में जाओ और भौकाल बनाओ और वोट लेकर आओ और दुनिया को धोखा दो.”
सबको किया है गुमराह
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने कहा कि, चौहान, सैय्यद, पठान,नाई, राजभर, मल्लाह, बिंद, केवट आदि, सबको सपा ने धोखा दिया है. वह भला यहां क्यों बोलेंगे. इनका एकमात्र मकसद जनता को गुमराह करना है.