अमेरिका-इजरायल ने किया ईरान पर हमला…इराक ने भी अपना एयरस्पेस कर दिया बंद; ईरान-ट्रंप ने दी धमकी-Video

February 28, 2026 by No Comments

Share News

US Israel Attack on Iran: दुनिया के लिए इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है. शनिवार को ईरान की राजधानी तेहरान में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दिए हैं. सायरन की आवाज भी सुनाई दे रही है. पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका-इजरायल ने मिलकर ईरान पर हमला बोला है.खबर सामने आ रही है कि तेहरान के राष्ट्रपति भवन को निशाना बनाया गया है. ईरान पर इजरायल की ओर से हमला किया गया है.

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने कहा कि यह हमला संभावित खतरे को देखते हुए किया गया. हमले के बाद पूरे इजराइल में इमरजेंसी लागू कर दी गई है क्योंकि माना जा रहा है कि इस हमले के जवाब में ईरान ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइल से हमला कर सकता है. लिहाजा इजरायल में भी सायरन बज रहे हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोम, खोर्रमाबाद, इस्फहान और राजधानी तेहरान पर हमला किया गया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक जिन शहरों पर हमला किया गया है, उन पर लगातार हमले किए जा रहे हैं और पूरे देश में हाई अलर्ट जारी है और एयर डिफेंस सिस्टम एक्टिव कर दिए गए हैं.

अल अरबिया न्यूज की रिपोर्ट की मानें तो धमाका इतनी तेज था कि बहुत दूर तक इसकी आवाज सुनी गई. तो वहीं ईरान ने अपना पूरा एयरस्पेस बंद कर दिया है. दूसरी ओर इराक ने भी अपना हवाई क्षेत्र बंद किया है.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुरक्षा कारणों से सभी उड़ानों पर रोक लगा दी गई है. तो वहीं ताजा खबर सामने आ रही है कि ईरान ने पलटवार की तैयारी शुरू कर दी है.

खामेनेई को ले जाया गया सुरक्षित जगह पर

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इजरायल द्वारा किए गए हमले में तेहरान स्थित न्याय मंत्रालय और सुप्रीम कोर्ट की इमारत को निशाना बनाया गया है. तो वहीं हमलों के बीच खबर सामने आ रही है कि ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई को राजधानी से हटाकर सुरक्षित जगह पर ले जाया गया है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की माने तो सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा को देखते हुए यह कदम उठाया है, क्योंकि राजधानी लगातार धमाकों से गूंज रही है.

इराक के आसमान में भी दिख रही है क्रूज मिसाइलें

हमले के बीच इजरायली सुरक्षा सूत्रों के हवाले से खबर सामने आ रही है कि इस ऑपरेशन को लेकर कई महीनों से योजना बन रही थी. इसका लक्ष्य ईरान की सुरक्षा व्यवस्था को कमजोर करना है. तो वहीं अमेरिकी अधिकारियों की ओर से भी संकेत मिले हैं कि हमले बड़े दायरे में होंगे और इजरायल के साथ मिलकर कार्रवाई की जा रही है.तो वहीं एक रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि कम से कम चार दिन तक भारी हमले जारी रह सकते हैं. तो वहीं इराक के आसमान में भी क्रूज मिसाइलों को देखा गया है. इससे साफ होता है कि हमले कई दिशाओं से किए जा रहे हैं. यही वजह है कि इराक ने भी अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है.

ईरान ने दी चेतावनी

हमले की बीच ईरान की ओर से इजरायल को चेतावनी दी गई है कि  हमला उसने शुरू किया है, लेकिन इस लड़ाई को खत्म ईरान करेगा. ईरान के पलटवार की सम्भावनी को देखते हुए इजरायल में इमरजेंसी लगा दी गई है और लोगों को शेल्टर में रहने के निर्देश दिए गए हैं. तो वहीं कतर में अमेरिकी दूतावास ने भी अपने कर्मचारियों को निर्देश जारी कर सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी है. तो वहीं खबर सामने आ रही है कि हमले के बीच कई देशों ने अपने दूतावास खाली करने शुरू कर दिए हैं. ब्रिटेन के साथ ही अर्जेंटीना, न्यूजीलैंड, यूक्रेन और आइसलैंड ने तेहरान से अपने स्टाफ को हटा लिया है.

ट्रंप का सख्त बयान आया सामने

इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को लेकर सख्त बयान सामने आ रहा है. उन्होंने ईरान की नेवी को तबाह कर देने की धमकी दी है और कहा है कि ईरान के मिसाइल प्रोग्राम को पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा. साथ ही ट्रंप ने ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड से हथियार डालने के लिए भी कहा और चेतावनी दी कि अगर वे ऐसा करते हैं तो उनको सुरक्षित रखा जाएगा, नहीं तो उन्हें निश्चित मौत का सामना करना पड़ेगा. ट्रंप ने ये भी कहा है कि इस संघर्ष में अमेरिकी सैनिकों की जान भी जा सकती है लेकिन ईरान को परमाणु हथियार रखने की इजाजत कभी नहीं दी जाएगी. साथ ही ट्रंप ने ईरानी शासन को दुनिया के लिए खतरनाक बताया है और कहा है कि उसकी गतिविधियां अमेरिका के साथ ही हमारे सैनिकों और उसके सहयोगियों के लिए सीधा खतरा हैं.

ये भी पढ़ें-हल्दीराम के यहां पकड़ी गई जहरीली मिठाई…होली के बाजार में खपाने की थी तैयारी; लोगों की सेहत से खिलवाड़-Video