सेहत से खिलवाड़: नकली हल्दी के नाम पर जहर परोसने की थी तैयारी…फैक्ट्री सील-Video

August 5, 2026 by No Comments

Share News

Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के पनकी में स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज नाम की मसाला फैक्ट्री पर खाद्य विभाग ने छापा मार कर भारी मात्रा में नकली हल्दी बरामद की है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फैक्ट्री में चावल के टुकड़ों में हल्दी जैसा रंग मिलाकर नकली हल्दी का पाउडर तैयार किया जा रहा था और इसे बाजार में उतारने की तैयारी चल रही थी. कुल मिलाकर लोगों को नकली हल्दी के नाम पर जहर परोसने की तैयारी थी. तभी सूचना मिलने पर खाद्य विभाग ने छापामारी कर 77 बोरी चावल के टुकड़े, 42 बोरी नकली हल्दी पाउडर, मिर्च-धनिया पाउडर और लिक्विड कलर बरामद किया है.

पकड़े गए माल की कीमत करीब 5.86 लाख रुपये बताई जा रही है तो वहीं मौके पर असली हल्दी का एक टुकड़ा भी नहीं मिला. खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ये बड़ी कार्रवाई मंगलवार को की गई है.

फिलहाल फैक्ट्री का कार्य को प्रतिबंधित करते हुए लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है. सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय संजय प्रताप सिंह ने मीडिया को जानकारी दी कि इस्पात नगर, पनकी स्थित पीतांबरा इंटरप्राइजेज मसाला निर्माण इकाई में छापेमारी कर नकली हल्दी का पाउडर बरामद किया गया है.मौके पर साबुत हल्दी उपलब्ध नहीं थी. जांच में पाया गया कि चावल को पीसकर उसमें हल्दी जैसे रंग मिलाकर नकली हल्दी पाउडर तैयार किया जा रहा था.

फिलहाल खाद्य विभाग की टीम ने मौके से  हल्दी में मिलाया जाने वाला लिक्विड कलर, चावल के टुकड़े, मिर्च पाउडर, मिर्च में मिलाए जाने वाले रंग और धनिया पाउडर के साथ ही कुल छह नमूने संग्रहित कर लिए हैं. इनको जांच के लिए भेजा जाएगा. इसके बाद ही सामने  आ सकेगा कि ये कितना हानिकार है. छापेमारी टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय वर्मा, उमाशंकर सिंह और रजनीश राय मौजूद रहे. तो वहीं बरामद स्टाक को जब्त कर लिया गया है.

ये भी पढ़ें-AIIMS Delhi से बड़ी खबर…अब मशीन खुद चलकर आएगी मरीज के पास; देश में पहली बार शुरू हुआ पोर्टेबल बेडसाइड MRI सिस्टम