UP News: शहीदों की गाथाएं आज की पीढ़ियों तक पहुंचा रहे कानपुर के निन्नी पांडेय…जानें कौन हैं ये?
Kanpur: आज जब लोगों को इस भाग दौड़ भरी जिंदगी में अपनी ही सुध नहीं रही है तो ऐसे समय में उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के समाजसेवी सर्वेश कुमार पांडेय निन्नी शहीदों व क्रांतिकारियों की यादों को ताजा रखे हुए हैं और लगातार युवाओं को शहीदों की गाथाएं पहुंचा रहे हैं ताकि आज के युवा उनको न भूल जाएं जिनकी वजह से आज हम आजाद देश में खुली सांस ले पा रहे हैं.
गंगा जल व दूध से नहलाते हैं प्रतिमाओं को
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में चंद्रशेखर आजाद जनकल्याण समिति भारत के आजीवन राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्वेश कुमार पांडेय साल के 365 दिन तक यानी प्रतिदिन जिस शहीद या क्रांतिकारी या स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की जयंती या पुण्य तिथि पड़ती है, वह उनकी मूर्तियों को साफ कर गंगा जल व दूध से स्नान कराते हैं और फिर माल्यार्पण कर युवाओं को उनके बलिदान की गाथा सुनाते हैं.

चलते हैं टूटी साइकिल से लेकिन मन में बसते हैं शहीद
भले ही उनका जन्म उन्नाव के एक गरीब परिवार में हुआ और वह आज भी टूटी साइकिल से चलते हों लेकिन मन में शहीदों और क्रांतिकारियों के प्रति इतनी श्रद्धा है कि एक-एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की जीवनी उनकी जुबान पर रटी हुई है. उनको अभी तक दर्जनों बार सामाजिक संगठन सम्मानित कर चुके हैं लेकिन शासन व प्रशासन ने अभी तक उनकी सुध नहीं ली है. यानी प्रशासन की ओर से न तो कोई सम्मान मिला और न ही कभी कोई सहयोग राशि दी गई. वह अपने खर्चे या फिर सामाजिक सेवियों की मदद से शहीदों की जयंती व पुण्य तिथि पर कार्यक्रम का आयोजन करीब 30-40 सालों से करते आ रहे हैं. तो वहीं उनकी सक्रियता की ही नतीजा है कि कानपुर नगर निगम उनकी मांग पर प्रतिमाओं का संरक्षण करता रहता है.
एक न्यायाधीश की किताब में मिली जगह
हालांकि कई लेखकों ने अपनी किताबों में उनके इस महान कार्य का जिक्र किया है. मध्य प्रदेश (सागर) के न्यायाधीश व लेखक अनिल वर्मा की राजगुरु पर लिखी किताब में निन्नी पांडेय को स्थान दिया गया है.
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हुआ ये कार्य
बता दें कि उनकी मांग पर ही गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर उद्यान विभाग की ओर से कानपुर के चौराहों, पार्को तथा स्मारकों की साफ-सफाई की गई और महापुरुषों की प्रतिमाओं को स्नान कराया गया. बता दें कि 26 जनवरी, 15 अगस्त और गांधी जयंती के अवसर पर कानपुर की सभी मूर्तियों का माल्यार्पण वह सालों से करते आ रहे हैं.
नहीं करता है कोई दूसरा संगठन ये काम
सर्वेश कुमार पांडेय निन्नी दावा करते हैं कि कानपुर ही नहीं देश में कोई ऐसा दूसरा संगठन नहीं है जो शहीदों की फिक्र इतनी शिद्दत से करता होगा. वह कहते हैं कि उनका एकमात्र उद्देश्य देश की आजादी में अपना सब कुछ न्योछावर करने वालों को कोई भूल न जाए, इसीलिए वह यह कार्य कर रहे हैं. उनके इस कार्य में उनके साथी संदीप साहू, अनिल त्रिपाठी, सुधीर साहू, प्रतिभा साहू भी सहयोग करते हैं.
ये भी पढ़ें-स्वर्ण मंदिर के पवित्र सरोवर में शख्स ने किया कुल्ला…थप्पड़ पड़ने के बाद मांगी माफी-Video